66 घंटे तक सुलगती रही ट्रक में आग, प्रशासन हरकत में आते ही आधे घंटे में बुझी

बागबाहरा के अग्रेसन गली में तेन्दूपत्ता से भरी ट्रक में लगी आग से मचा हड़कंप
महासमुंद। जिले के बागबाहरा शहर स्थित अग्रेसन गली में 20 अप्रैल की शाम तेन्दूपत्ता से भरे एक ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और हैरानी की बात यह रही कि यह आग पूरे 66 घंटे तक सुलगती रही, जिससे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बना रहा।
जागरूक युवाओं की सूझबूझ से टली बड़ी दुर्घटना
घटना के दौरान दो जागरूक युवाओं ने साहस और समझदारी का परिचय देते हुए जलती हुई ट्रक को आबादी वाले क्षेत्र से हटाकर पास के मैदान तक पहुँचवा दिया। यदि समय रहते यह कदम नहीं उठाया जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
शुरुआती लापरवाही से बढ़ी समस्या
सूचना मिलने पर नगर पालिका की फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन किसी वरिष्ठ अधिकारी की मौजूदगी नहीं होने के कारण आग पर स्थायी नियंत्रण नहीं पाया जा सका। करीब ढाई से तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग को आंशिक रूप से काबू किया गया, लेकिन ट्रक में भरे तेन्दूपत्ता के बोरे नहीं हटाए जाने के कारण आग बार-बार भड़कती रही।।
मालिक की लापरवाही से भड़की आग, लोग हुए परेशान
मोहल्लेवासियों द्वारा लगातार समझाइश देने के बावजूद ट्रक मालिक और पत्ता मालिक ने कोई सहयोग नहीं किया। हालात तब और बिगड़ गए जब दूसरे दिन सुबह आग फिर तेज हो गई और लगभग 65 घंटे तक यही स्थिति बनी रही—फायर ब्रिगेड पानी डालती और कुछ घंटों बाद आग फिर भड़क उठती।
शिकायत के बाद प्रशासन आया हरकत में
लगातार परेशानी से जूझ रहे रहवासियों ने आखिरकार एसडीएम को लिखित शिकायत दी और स्थानीय विधायक द्वारिकाधीश यादव से भी मुलाकात की। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया।
आधे घंटे में बुझी आग, बाहर से बुलाई गई टीम
एसडीएम नमिता मारकोले ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान नगर पालिका सीएमओ भी उपस्थित रहे। महासमुंद से बड़ी फायर ब्रिगेड और जेसीबी मशीन के साथ अनुभवी टीम बुलाई गई। टीम ने पहुंचते ही तेन्दूपत्ता के बोरों को हटवाया और महज आधे से पौन घंटे के भीतर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
सवालों के घेरे में शुरुआती कार्रवाई
घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि शुरुआत में ही सही रणनीति अपनाई जाती, तो 66 घंटे तक क्षेत्रवासियों को इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।