खाद विक्रेता संघ 9 सूत्रीय मांगों का 27 को सौंपेंगे ज्ञापन
राजगढ़ में प्रस्तावित हड़ताल के समर्थन में महासमुंद के व्यापारी एकजुट
महासमुंद। खाद, बीज एवं कीटनाशक व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों की समस्याओं को लेकर देशभर में आवाज तेज होती जा रही है। इसी क्रम में ब्लॉक खाद विक्रेता संघ महासमुंद ने 27 अप्रैल 2026 को मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में प्रस्तावित एक दिवसीय प्रतिष्ठान बंद (हड़ताल) को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है।
संघ के अध्यक्ष जागेश्वर जुगनू चंद्राकर के नेतृत्व में यह निर्णय ऑल इंडिया संगठन के आह्वान पर लिया गया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में खाद विक्रेताओं को जटिल नियमों, प्रशासनिक दबाव और घटते मुनाफे जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे व्यापार करना दिन-ब-दिन कठिन होता जा रहा है।
संघ द्वारा रखी गई मांगों में विक्रेताओं का कमीशन बढ़ाने, लाइसेंस प्रक्रिया को सरल बनाने, अनावश्यक निरीक्षण व उत्पीड़न पर रोक लगाने तथा सुरक्षित व्यापारिक वातावरण सुनिश्चित करने जैसे मुद्दे शामिल हैं।
इसके साथ ही किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराने, निलंबित लाइसेंस बहाल करने, खाद की सुचारू आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने और टैगिंग जैसी अनावश्यक प्रक्रियाओं को समाप्त करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई है।
संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि शासन-प्रशासन द्वारा समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इसी कड़ी में 27 अप्रैल को महासमुंद ब्लॉक के सभी खाद, बीज एवं कीटनाशक व्यापारी एकजुट होकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे और अपनी 9 सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से रखेंगे।
