भक्ति और श्रद्धा के माहौल में श्रीमद भागवत कथा का भव्य शुभारंभ
पंजाबी पारा में निकली कलश यात्रा, भजन-कीर्तन से गूंजा क्षेत्र
महासमुंद। शहर के पंजाबी पारा स्थित वार्ड क्रमांक 23 में आयोजित श्रीमद भागवत महापुराण कथा ज्ञान सप्ताह का शुभारंभ गुरुवार को अत्यंत भव्य और भक्तिमय वातावरण में हुआ। आयोजन के पहले ही दिन श्रद्धा, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
आचार्य नारायण दास वैष्णव के सानिध्य में निकाली गई आकर्षक कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। कथा स्थल से प्रारंभ हुई यह यात्रा रामेश्वरी मंदिर पहुंची और पुनः कथा स्थल में आकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। भजन-कीर्तन, शंखनाद और जयघोष से गूंजते माहौल ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
कथा के दूसरे दिन आचार्य नारायण दास वैष्णव ने श्रीमद भागवत महापुराण के द्वितीय स्कंध का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने शुकदेव-परिक्षित संवाद के माध्यम से जीवन की क्षणभंगुरता और भक्ति के महत्व को सरल भाषा में समझाया। वहीं नारद अवतार की कथा के जरिए सत्संग और प्रभु स्मरण की महिमा पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर पुरोहित एवं परायणकर्ता पंडित हेमन्त दास वैष्णव (महासमुंद) तथा पंडित सूरज दास वैष्णव (चिंगरौद) द्वारा विधिवत अनुष्ठान संपन्न कराया जा रहा है। आचार्य ने अपने प्रवचन में कहा कि भागवत कथा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मा को परमात्मा से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। कथा श्रवण से व्यक्ति के भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, जिससे जीवन में शांति और संतुलन स्थापित होता है।
इस धार्मिक आयोजन का आयोजन श्रीमती प्रेमशीला साहू एवं साहू परिवार द्वारा किया जा रहा है। आगामी दिनों में प्रह्लाद चरित्र, वामन अवतार तथा श्रीराम और श्रीकृष्ण प्राकट्य उत्सव जैसे अनेक पौराणिक प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया जाएगा। यह भव्य आयोजन 28 अप्रैल तक निरंतर जारी रहेगा।
