लोगों को चाकू लहराकर डराने-धमकाने वाले दो गिरफ्तार

महासमुंद। सिटी कोतवाली और पटेवा पुलिस ने चाकू लहराते हुए लोगों को डराने धमकाने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ आर्म्स एक्ट 25, 27 के तहत अपराध दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली पुलिस को सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बस स्टेड में चाकू लेकर आने-जाने वालों को डरा-धमका रहा है व एक सफाई कर्मचारी से मारपीट करने आमादा है। सूचना पर पुलिस ने चाकू लहरा रहे व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा और पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम-पता वार्ड 15 महामाया पारा निवासी खगेश्वर उर्फ छोटा (25) बताया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चाकू बरामद कर युवक को गिरफ्तार किया।
इसी तरह पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम चिरको निवासी संतराम धृतलहरे ने पुलिस को बताया कि 27 अप्रैल को वह अपने गांव के पिताम्बर लोधी, लेखराम पटेल, दानेश्वर साहू के साथ कार से आरंग गए थे, रात में गांव लौट रहे थे कि करीब 9 बजे एन एच 53 रोड चिरको पड़ाव के पास एक व्यक्ति बाइक क्रमांक सीजी 09 जे एल 9336 को तेज गति व कट मारते लहराते हुए हमारे कार के सामने चला रहा था। रोक कर समझाईश देने पर वह चाकू निकाल कर लहराते हुए डराने-धमकाने लगा। हम लोगों ने उसे पकड़ कर डायल 112 को फोन के माध्यम से सूचना दी, तब डायल 112 की पूछताछ में उसने अपना नाम-पता ग्राम लखनपुर निवासी विक्की जोशी बताया। आरोपी को डायल 112 ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया।