हुलसी ने बताई विधायक के साराडीह – बरोंडाबाजार जर्जर मार्ग की दशा
महासमुंद। जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती हुलसी चंद्राकर ने विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा से अपने जनपद क्षेत्र साराडीह के सड़क व बिजली की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि साराडीह-बरोंडाबाजार पहुंच मार्ग में बड़े बड़े जानलेवा गड्ढे हो गए हैं। उक्त मार्ग का उपयोग मेडिकल कॉलेज के छात्रावास के विद्यार्थियों द्वारा प्रतिदिन बरोंडाबाजार स्थित छात्रावास से मेडिकल कॉलेज महासमुंद तक तथा ग्राम साराडीह के छात्र-छात्राएं बरोंडाबाजार स्थित पाॅलीटेक्निक कॉलेज आने-जाने के लिए किया जाता है। बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण आए दिन दुर्घटना होती रहती है घटना में राहगीरों की मृत्यु भी हो चुकी है व कईयों के हाथ पैर भी टूट चुके हैं। विधायक ने आश्वासन दिया है कि बरसात से पहले लोगों की समस्या दूर हो जाएगी। ज्ञापन सौंपते समय साराडीह सरपंच प्रतिनिधि साजन यादव व जितेन्द्र चंद्राकर मौजूद रहे।
