राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर पालनार पंचायत में बाल सभा का हुआ आयोजन

बच्चों को बाल-अधिकारों के बारे में दी गयी जानकारी
दंतेवाड़ा, 25 अप्रैल 2025। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर पालनार पंचायत में जिला प्रशासन दंतेवाड़ा एवं नीति आयोग के सहयोगी संस्था पीरामल फाउंडेशन के सहयोग से बाल सभा का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें पंचायत व्यवस्था एवं अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र से परिचित कराना था। इस बालसभा में लगभग 300 बच्चों ने भाग लिया और उत्साहपूर्वक अपने विचार साझा किए। इसके साथ ही विशेषज्ञों और पंचायत प्रतिनिधियों ने बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, और सहभागिता जैसे मौलिक अधिकारों की जानकारी दी।
इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि बाल सभा के माध्यम से बच्चों की आवाज को पंचायत तक पहुँचाने का एक सशक्त मंच मिला है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि बच्चों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।