अध्यक्ष, छ०ग० भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल द्वारा श्रम विभाग की ली गयी समीक्षा बैठक
दंतेवाड़ा, 25 अप्रैल 2025। कार्यालय श्रम पदाधिकारी द्वारा दी गयी जानकारी अनुसार विगत दिवस छ०ग० भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल के अध्यक्ष डॉ० रामप्रताप सिंह की अध्यक्षता में सर्किट हाऊस सभागार में श्रम विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में दंतेवाड़ा, बीजापुर एवं सुकमा जिले में संगठित निर्माण श्रमिकों एवं असंगठित श्रमिकों और उनके परिवारों को कल्याण के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई एवं समस्त योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए। इस दौरान अध्यक्ष सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में श्रमिकों एवं उनके परिवारों के प्रति पूरी संवेदनशीलता के साथ राज्य शासन द्वारा श्रमिक वर्गों के हितों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के लिए श्रमिक एवं उनके परिवारों का हित सर्वोपरि है। अतः श्रमिकों के कल्याण के लिए संचालित सभी योजनाओं का लाभ उन्हें मिलना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने निर्माण श्रमिकों के कार्यस्थल में शिविर आयोजित कर शत-प्रतिशत पंजीयन करने के निर्देश देते हुए कहा कि तीनों जिले में पंजीकृत निर्माण श्रमिक जिन्हें मण्डल गठन से अब तक किसी भी योजनाओं का लाभ नहीं मिला है ऐसे श्रमिकों को चिन्हांकित कर मण्डल में संचालित योजनाओं की जानकारी विकासखण्डवार संचालित श्रम संसाधन केन्द्र के माध्यम से आवेदन करने की कार्यवाही करने के साथ-साथ प्राप्त आवेदनों का तत्काल डीबीटी में ऑनलाईन इंद्राज करें। बैठक में दन्तेवाड़ा, बीजापुर एवं सुकमा जिले के श्रमपदाधिकारी तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
