राशन दुकानों में मनमानी रोकने नियमित जांच हो: राठी
खाद्य अधिकारी से मिले नपा उपाध्यक्ष, राशन वितरण पर की चर्चा
महासमुंद। नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने जिला खाद्य अधिकारी अजय यादव से मुलाकात कर सार्वजनिक वितरण प्रणाली पर चर्चा की। नपा उपाध्यक्ष राठी ने अधिकारी से कहा कि शहर सीमा में संचालित राशन दुकानों में एपीएल राशन कार्डधारियों को कुछ दुकानों पर चावल समय पर नहीं मिलता। तकनीकी त्रुटि हो तो उसे माह के शुरूआत में ही हल कर लिया जाए। फूड इंस्पेक्टर द्वारा सभी राशन दुकानों का नियमित निरीक्षण कराया जाए। निरीक्षण से एकरूपता बनी रहती है। दुकानदार भी मनमानी नहीं कर पाएंगे। खाद्य विभाग के अधिकारियों द्वारा बराबर देखरेख होनी चाहिए। कुछ राशन दुकान वार्ड सीमा से बाहर हैं, ऐसे दुकानदारों को हिदायत दी जाए कि जिस वार्ड की दुकान है उस वार्ड में लगे हितग्राहियों को ज्यादा सफर राशन लेने के लिए नहीं करना पड़ेगा। दुकानदारों का व्यवहार बीपीएल, एपीएल कार्डधरियों के साथ सरल रहे। गर्मी का समय है, सभी राशन दुकानों में पीने का शुध्द पानी की व्यवस्था हो, ऐसा निर्देश दुकानदारों को दिया जाए। एक से अधिक राशन दुकान चलाने वाले से दूसरे समूह को टेंडर निकालकर राशन दुकान दी जाए, इससे दुकान पर ग्राहकों का भार नहीं बढ़ेगा।
