कार व बाइक से 27 किलो गांजा बरामद
मध्यप्रदेश के एक आरोपी समेत चार गिरफ्तार
महासमुंद। दो अलग-अलग थाना क्षेत्र से पुलिस ने एक कार और बाइक से 27 किलो गांजा बरामद किया है। पकड़े गए गांजे की कीमत 5 लाख 12 हजार बताई जा रही है। पुलिस ने गांजा के साथ 4 लोगों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां उन्हें जुडिशियल रिमांड पर जेल भेजा दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को बसना पुलिस टीम ने वन विभाग नाका गढ़फुलझर में वाहन चेकिंग के दौरान सामने से क्षतिग्रस्त कार क्रमांक सीजी 04 पीएन 1413 को रोका। कार में तीन व्यक्ति सवार थे जिन्होंने पुलिस पूछताछ में अपना नाम पता दीनदयाल नगर वार्ड 6 चिखली राजनांदगांव निवासी भोजराज सिन्हा (23) दीनदयाल नगर वार्ड 7 चिखली राजनांदगांव निवासी आदित्य मेश्राम (22) व दीनदयाल नगर वार्ड 6 चिखली राजनांदगांव निवासी लक्की ऊर्फ चुम्मन यादव (22) बताया। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो डिक्की से 19 किलो गांजा बरामद हुआ जिसकी कीमत 3 लाख 80 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों से 500 नकद, दो मोबाइल व कार जब्त किया।
इसी तरह शुक्रवार को ही मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सिटी ग्राउंड के पास एक बाइक से 8 किलो गांजा बरामद किया। जानकारी के अनुसार पेट्रोलिंग वाहन को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से एक व्यक्ति गांजा लेकर बसना की ओर आ रहा है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस सिटी ग्राउंड के पास वाहन की चेकिंग कर रही थी इसी दौरान बिना नंबर की बाइक को रोका। पुलिस ने बाइक चालक से पूछताछ की तो चालक ने अपना नाम-पता वार्ड 19 रेस्ट हाऊस के पास तेजगढ़, थाना तेजगढ़ जिला दमोह (मप्र) निवासी शेषांक दुबे (32) होना बताया। पुलिस ने बाइक की तलाशी के दौरान सीट की तरफ बंधे नीले रंग के जरकीन से 8 किलो गांजा बरामद किया जिसकी कीमत 1 लाख 32 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी से गांजा सहित एक मोबाइल व तस्करी में प्रयुक्त वाहन जब्त कर लिया है।
