सुशासन तिहार में समयबद्ध तरीके से होगा समस्याओं का समाधान, सक्रिय भागीदारी निभाने कलेक्टर ने की अपील

बलरामपुर 07 अप्रैल 2025। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशन में सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ ही आमजनों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने इस संबंध में बताया कि शासन-प्रशासन की जो योजनाएं संचालित हैं उनका क्रियान्वयन धरातल पर प्रभावी तरीके से हो और योजनाओं का सीधा लाभ आमजनों तक पहुँच सके, इसके लिए शासन के प्रत्येक स्तर पर लगातार पहल की जा रही है। इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार द्वारा सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इसके लिए तीन चरण निर्धारित किए गए हैं पहला चरण 8 से 11 तारीख तक आयोजित होगा, जिसमें सभी स्थानीय निकाय ग्राम पंचायत, नगरीय निकाय और साथ ही विकासखण्ड स्तर एवं जिला स्तर के कार्यालयों में समाधान पेटी रखा जाएगा और लोगों से अपनी समस्याएं, शिकायतों व मांग के संबंध में आवेदन लिया जाएगा। आवेदनों के निराकरण के लिए गुणवत्ता सुनिश्चित करने जिला स्तर एवं शासन स्तर पर भी निराकरण की गुणवत्ता का ध्यान रखा जाएगा। तीसरे चरण में 5 से 31 मई तक समाधान शिविर आयोजित होंगे। क्लस्टर स्तर पर 10 से 15 पंचायत के बीच में एक शिविर आयोजित होगा, जिसमें प्राप्त आवेदनों के निराकरण के संबंध में आवेदकों को बताया जाएगा। इसके साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। समाधान शिविर में लोगों के समस्याओं के संबंध में आवेदन भी लिए जाएंगे और निराकरण भी सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय भी समयानुसार शिविरों में उपस्थित हो कर आमजनों से सीधा संवाद करेंगे।