नौकरी के नाम पर चार लोगों से ठगी, जुर्म दर्ज
महासमुंद। जिला अस्पताल महासमुंद में पदस्थ रहे वार्ड ब्वाय द्वारा नौकरी दिलाने के नाम पर चार लोगों से धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने मामले की शिकायत व जांच के बाद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
जानकारी के अनुसार नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी की शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस की जांच में जिला चिकित्सालय महासमुंद वार्ड ब्वाय रहे वरूण साहू द्वारा स्वास्थ विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर सुरेन्द्र कन्नौजे से 40 हजार रुपए, खोमन कन्नौजे से 40 हजार रुपए एवं प्रियंका दुबे से 1.50 लाख रुपए व साक्षी शर्मा से 1.50 लाख रुपए कुल 3.80 लाख रुपए की धोखाधड़ी करना पाया गया। पुलिस ने भुरका निवासी वरूण साहू के विरूद्ध धारा 420 भादवि के तहतअपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
