ग्रामीण क्षेत्रों में दो दंतैल कर रहे विचरण

विभाग ने आधे दर्जन से अधिक गांवों में कराई मुनादी
महासमुंद। बलौदाबाजार वन मंडल व लवन रेंज से निकलकर दो दंतैल बार अभ्यारण्य सड़क को पार कर वन मंडल महासमुंद के ग्राम बोरिद के खेत में प्रवेश किया है। जिससे ग्रामीणों में दहशत है। वन विभाग की टीम ने आधे दर्जन से अधिक गांवों में मुनादी कराकर जंगल की ओर जाने के लिए मना किया है।
बता दें कि इससे पूर्व एक दंतैल 23 मार्च को कोठारी और बार नवापारा के जंगल से निकलकर महासमुंद वन मंडल के ग्राम सोरिद में विचरण कर रहा था जो बाद में वापस चला गया। लंबे समय बाद वन मंडल महासमुंद में फिर एक बार हाथियों के पहुंचने से फसल नुकसान और जनहानि की संभावना बढ़ गई है। जानकारी के अनुसार दो दंतैल गुरुवार रात जिला बलौदा बाजार वन मंडल और लवन रेंज से निकल कर बरबसपुर से बार सड़क को पार कर वन मंडल महासमुंद के ग्राम बोरिद के खेत में प्रवेश किया। बाद दोनों हाथी खेत से निकल कर वन विकास निगम के कक्ष क्रमांक 181, 174, 173, 175, 172 के जंगल में प्रवेश किया। आज सुबह दोनों हाथियों का लोकेशन कक्ष क्रमांक 173, 174, 175 के जंगल में ट्रेस हुआ है इनके कक्ष क्रमांक 176, 133 में आगे बढ़ने की संभावना है। हाथियों के क्षेत्र में विचरण के बाद ग्राम बोरिद, अमलोर, चुहरी, पासिद, छताल, मरौद, रायकेरा, सुकुलबाय, नांदबारु के आस पास के ग्रामीणों को सतर्क किया गया है।