बिजली काटने की धमकी देकर रुपये ऐंठने वाले तीन गिरफ्तार
बिजली विभाग का कर्मचारी बताकर 16 ग्रामीणों से 75 हजार रुपये की थी ठगी
महासमुंद। बिजली विभाग का कर्मचारी बताकर बिजली बिल का बकाया भुगतान नहीं करने पर कनेक्शन काटने की धमकी देकर लोगों से हजारों रुपये ऐंठने वाले तीन लोगों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार महासमुंद क्षेत्र के ग्राम केशवा, साल्हेभांठा, शेर, मोरधा, कनेकेरा, पचेड़ा और धनसुली में बिजली विभाग का कर्मचारी बताकर कुछ लोगों द्वारा राशि वसूलने की जानकारी के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग में मामले की शिकायत की। जांच करने पर पता चला कि यह पूरी तरह से ठगी का मामला है। बाद कनिष्ठ यंत्री पीआर वर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। जांच में सामने आया कि ठगों ने 16 ग्रामीणों से कुल 75 हजार रुपये की ठगी की थी। पुलिस ने आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल नंबर को ट्रेस किया और फिंगेश्वर जिला गरियाबंद निवासी लेखन निर्मलकर (29), महासमुंद महामाया पारा निवासी गणेश भोई (40) और खैरा महासमुंद निवासी सुमन धीवर (35) को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली पुलिस ने इन तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 318(4) और 319(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने और कितने ग्रामीणों को ठगी का शिकार बनाया है।
ग्रामीणों से अपील
पुलिस और बिजली विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को बिजली विभाग का कर्मचारी समझकर पैसे न दें। कोई भी संदेह होने पर तुरंत बिजली विभाग के अधिकृत कार्यालय में संपर्क करें या पुलिस को सूचना दें।
