विधायक चातुरी नंद ने किया पंचायत सचिवों की मांगों का समर्थन
महासमुंद। सरायपाली विधायक चातुरी नंद हड़ताली पंचायत सचिवों के धरनास्थल पहुंचकर पंचायत सचिवों की मांगों का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री से जल्द शासकीयकरण की मांग की। उन्होने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के घोषणा पत्र में मोदी की गारंटी के तहत पंचायत सचिवों के शासकीयकरण का वादा किया था। परंतु, सत्ता में आते ही भाजपा अपने वादे को भूल गई । सरकार बनने के सवा साल बाद भी आज तक पंचायत सचिवों की मांगों को पूरा करने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया है । उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अभी छत्तीसगढ़ दौरे पर थे पर पंचायत सचिवों की हड़ताल पर दो शब्द भी नहीं बोल पाए। सचिवों की हड़ताल से ग्राम पंचायतों में विकास कार्य बुरी तरह प्रभावित है। विधायक नंद ने कहा कि भाजपा सरकार के अब तक के कार्यकाल में ही प्रदेश के हर शासकीय कर्मचारी शासन की नीतियों से परेशान हैं। इस सरकार ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते की एरियर्स की राशि ना देकर लाखों कर्मचारियों के हक पर डाका डालने का काम किया है। उन्होंने कहा कि विष्णु के सुशासन में हर वर्ग परेशान हैं, भाजपा ने हर वर्ग को ठगने का काम किया है। भाजपा ने महिला बहनों को मोदी की गारंटी के तहत 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने का वादा किया था परंतु इस वादे को भी पूरा नहीं कर रही है। भाजपा जब सत्ता में नहीं थी तब भाजपा नेता शराबबंदी करने की बातें करते थे, लेकिन सत्ता में आते ही नई शराब दुकानें खोल रही है। इससे भाजपा की कथनी और करनी में फर्क स्पष्ट देखा जा सकता है।
