सर्वाधिक टैक्स वसूली करने वाले कर्मचारी को प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा

महासमुंद। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने पालिका के विभाग प्रमुखों की बैठक ली। श्री साहू ने बैठक में जल प्रदाय व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, सफाई व्यवस्था, वाहन, लोक निर्माण को लेकर विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। श्री साहू ने कहा कि नगर विकास में हम सभी को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी है। उन्होंने पालिका के समस्त विभागों के प्रभारियों को निर्देश देते हुए पालिका में विभाग से संबंधित कार्य को लेकर आने वाले नागरिकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने कहा। उन्होंने आगामी समय में प्रेसिडेंट इन काउंसिल की बैठक आहूत करने तैयारी की बात कही। साथ ही विभिन्न विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। बैठक में प्रमुख रूप से उप अभियंता दिलीप कश्यप, जल प्रभारी सीताराम तेलक, स्वच्छता प्रभारी दिलीप चंद्राकर, लोक निर्माण विभाग के दुर्गेश कुंजेकार, नरेश ध्रुव, राशन कार्ड प्रभारी जितेंद्र मोहंती, वाहन प्रभारी सुरेश प्रसाद तिवारी, मिशन मैनेजर अभिनव दुबे, दीपक तिवारी, स्वच्छ भारत मिशन के नौशाद बख्श आदि उपस्थित थे। पालिका अध्यक्ष श्री साहू ने विभाग प्रभारियों को कुछ प्रमुख बिंदुओं पर कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए, जिसमें मुख्य बिंदु सभी वाहनों में जीपीएस लगाने , वाहनों का पंजीयन, बीमा आदि कराने के निर्देश दिए। उन्होने पालिका के स्टोर रुम में रखी सामग्रियों का पंचनामा कर सूची बनाने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन कार्य हेतु 2 करोड़ का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजने, वर्ष 2024-25 में सर्वाधिक टैक्स वसूली करने वाले कर्मचारी को प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा, आगामी वर्षा ऋतु के पूर्व शहर के नाला एंव निचली बस्ती की सघन साफ- सफाई करने की कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिए।