डीपीआई में उपसंचालक से मिला छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल
प्राचार्य पदोन्नति में विलंब को लेकर जताई नाराजगी
महासमुंद। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ प्रांतीय इकाई ने वर्षों से लंबित प्राचार्य पदोन्नति में अनावश्यक विलंब पर नाराजगी व्यक्त की है। बैठक में प्रमुख रूप से उच्च न्यायालय में सरकार द्वारा 16 अप्रैल तक प्राचार्य पदोन्नति के स्थगन को लेकर सरकार द्वारा रखे गए पक्ष को निराशाजनक बताया। साथ ही प्राचार्य पदोन्नति में बीएड की अनिवार्यता नहीं रखे जाने पर आवश्यक चर्चा हुई। बैठक के दौरान संगठन विस्तार पर गहन चर्चा की गई व निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में संगठन का विस्तार करते हुए विकासखंड से लेकर जिला तक के कालातीत इकाइयों में अविलंब चुनाव कराए जाने पर चर्चा की गई। बैठक में समस्त प्रकोष्ठों के पुनर्जीवन विषय पर प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही समस्त शिक्षक संवर्ग को सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार क्रमोन्नति लाभ देने विषयक चर्चा हुई। जिन व्याख्याता को 02 दिसंबर 2014 से वरिष्ठता दी गई है उन्हें प्रथम समयमान वेतनमान दिया जाए। बैठक पश्चात प्रमुख संगठन मंत्री एवं प्रांत अध्यक्ष संजय सिंह ठाकुर के नेतृत्व में लोक संचालनालय में उपसंचालक आशुतोष चावरे से भेंट करते हुए प्राचार्य पदोन्नति में विलंब को लेकर आवश्यक चर्चा की गई। इस दौरान प्रतिनिधियों को आश्वस्त करते हुए आशुतोष चावरे ने कहा कि 16 अप्रैल के बाद प्राचार्य पदोन्नति कर दी जाएगी। प्रांतीय बैठक में प्रमुख रूप से ओंकार सिंह ठाकुर, संजय सिंह ठाकुर, प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष उमेश भारती गोस्वामी, प्रांतीय महामंत्री मनोज राय, प्रांतीय कोषाध्यक्ष गयाराम राजवाड़े, वरिष्ठ सदस्य एके दिल्लीवार, कांकेर जिला अध्यक्ष टिकेश सिंह ठाकुर, उप प्रांताध्यक्ष अध्यक्ष डॉ अशोक कुमार गुप्ता, टेकराम सेन, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील नायक, संभागीय अध्यक्ष भुवन लाल सिन्हा, श्री तारक सहित प्रांतीय पदाधिकारी उपस्थित थे । उक्त जानकारी उप प्रांताध्यक्ष टेकराम सेन ने दी है।
