फ्री में कुकर का झांसा देकर फिंगरप्रिंट लिया और निकाल लिया लोन
महासमुंद। फ्री में कुकर स्कीम के झांसे में आकर एक महिला ठगी का शिकार हो गई। आरोपी ने महिला के फिंगरप्रिंट लेकर बैंक से लोन की रकम निकाल कर धोखाधड़ी कर ली। बसना थाने में एफआईआर कराने के दौरान महिला ने बताया कि आरोपी ने उनके अलावा 138 अन्य महिलाओं के साथ भी धोखाधड़ी की है।
बसना थाने में पिरदा निवासी रजनी देवांगन (35) ने पुलिस को बताया कि वह कपड़ा बुनकरी करती है। 15 अप्रैल 2024 को उनके गांव के सुदर्शन साहू ने घर आकर कहा कि महतारी वंदन की तरह ही सरकार फ्री में कुकर बांट रही है।
बाद उसने अपने मोबाइल से फिंगर मशीन को कनेक्ट कर उनका अंगूठा निशान लेकर चला गया। 2-3 दिन बाद घर आकर एक नया कुकर देते हुए फिर फिंगर निशान लिया। उसने 22 अक्टूबर 2024 को किस्त में मोबाइल लेने की बात करते हुए फिर तीन बार अंगूठे का निशान लिया, मोबाइल किस्त में महंगा पड़ेगा कहने पर 25 अक्टूबर 2024 को घर आकर कैंसिल कराने के नाम पर मोबाइल से फिंगर मशीन को कनेक्ट कर चार बार अंगूठे का निशान लिया। वह 29 अक्टूबर 2024 को इंडस्लैंड बैंक शाखा बसना गई और वहां पता चला कि उसकी जानकारी के बिना सुदर्शन साहू ने पहले 50450 रुपये तथा दूसरी बार 58000 रुपये धोखे से लोन निकाला है। जिसका प्रति सप्ताह 1720 रुपये का 21 किस्त सुदर्शन साहू ने चुकाया है। वर्तमान में 70880 रुपये बचा है।
प्रार्थिया ने बताया कि सुदर्शन साहू ने उसे तथा अन्य 138 महिलाओं को धोखा देकर फिंगर मशीन से मोबाइल को कनेक्ट कर अंगूठा निशान लेकर बिना जानकारी के इंडस्लैंड बैंक में खाता खोलकर लोन रकम आहरण कर धोखाधड़ी की है। मामले में बसना थाने में आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
