सड़कों पर घुमंतू मवेशियों के गले में बांधी गई रेडियम पट्टियां

महासमुंद। शहरी क्षेत्र के सड़कों में आवारा घुम रहे मवेशियों के गले में नगर पालिका द्वारा अभियान चलाकर रेडियम पट्टियां बांधी जा रही है। ताकि शहरी क्षेत्र में असमय होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। गौरतलब है कि नगर की सड़कों में रात्रि के समय घुमंतू गौवंशो की मौजूदगी बनी रहती है। जिससे दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को अंधेरे में मवेशी दिखाई नहीं देते। जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश में यह अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत पालिका के एसबीएम की पूरी टीम मुख्य मार्ग पर बैठे सभी मवेशियों को हटा रही है। साथ ही रास्ते में जितने भी घुमंतू मवेशी मिल रहे हैं उनके गले में रेडियम बेल्ट बांधे जा रहे हैं। तथा उनके सींगो पर रेडियम रिफ्लेक्टिव टेप लगाए जा रहे हैं। इन रिफ्लेक्टिव बेल्ट की खासियत यह है कि जब भी इन पर लाइट पड़ती है तो यह चमकती है। जिससे दूर से ही वाहन चालकों को यह पट्टियां चमकती हुई दिख जाती है और वाहन चालक सतर्क हो जाते हैं। इससे अकस्मात घटना होने की संभावना बहुत कम हो जाती है। इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी अशोक सलामे ने कहा कि पालिका के इस सकारात्मक प्रयास का परिणाम यह रहता है कि रात के अंधेरे में सड़क पर घूम रही या बैठी गौ माता भले नजर ना आए। लेकिन रिफ्लेक्टर पट्टी लगी होने से दूर से ही लाइट पड़ने से ये चमकने लगती है। जिससे वाहन चालक सतर्क हो जाते हैं ।