वन विभाग में महिला कर्मचारी से छेड़छाड़
डिप्टी रेंजर ने कार्यालय में की अश्लील टिप्पणी, पुलिस में शिकायत दर्ज
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में वन विभाग की एक दैनिक वेतनभोगी महिला कर्मचारी से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पिथौरा वन परिक्षेत्र के डिप्टी रेंजर सत्येन्द्र कश्यप के खिलाफ पुलिस में FIR दर्ज की गई है।
घटना 18 मार्च की है। महिला कर्मचारी पौधा वितरण की जानकारी ऑनलाइन अपलोड कर रही थी। दोपहर करीब 2 बजे तेंदूपत्ता शाखा प्रभारी सत्येन्द्र कश्यप ने उन्हें अपने कार्यालय में बुलाया। कश्यप ने महिला से अनुचित बातें कहीं। पीड़िता ने 19 मार्च को विभाग में शिकायत की। अधिकारियों ने कश्यप को बुलाया, लेकिन वे पिथौरा से बाहर होने का बहाना बनाकर नहीं आए। इसके बाद महिला ने 24 मार्च को पिथौरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। वन विभाग के डीएफओ पंकज राजपूत ने बताया कि मामले की जांच विशाखा समिति को सौंपी गई है। एडिशनल एसपी प्रतिभा पाण्डेय ने कहा कि जांच जारी है और अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
