बालोद जिले में त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के तीसरे एवं अंतिम चरण का मतदान सफलतापूर्वक संपन्न
गुरूर एवं गुण्डरदेही विकासखण्ड के सभी 550 मतदान केन्द्रों में शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न रूप से हुआ मतदान
बालोद, 23 फरवरी 2025। त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के अंतर्गत जिले के गुरूर एवं गुण्डरदेही विकासखण्ड में आज तीसरे एवं अंतिम चरण का मतदान सफलतापूर्वक एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न हुआ। तीसरे चरण के अंतर्गत आज गुरूर एवं गुण्डरदेही विकासखण्ड के सभी 550 मतदान केन्द्रों में बिना किसी अवरोध के शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हुआ। गुरूर एवं गुण्डरदेही विकासखण्ड के सभी मतदान केन्द्रों में निर्धारित समय सुबह 07 बजे से मतदान प्रारंभ हो गया। तीसरे एवं अंतिम चरण के अंतर्गत आज जिले के दो विकासखण्ड में संपन्न मतदान के दौरान अपने मताधिकार के महत्व की जानकारी एवं लोकतंत्र के प्रति अटूट आस्था का बहुत ही सुंदर तस्वीर देखने को मिला। इसी कड़ी में आज जिले के गुण्डरदेही विकासखण्ड के दुल्हा बने युवक योगेन्द्र कुमार साहू अपने बरात प्रस्थान करने के पूर्व ग्राम गोड़ेला में प्राथमिक शाला के मतदान केन्द्र 06 में पहुँचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह से उन्होंने अपने वैवाहिक कार्यक्रम के व्यवस्ततम समय में से मतदान के लिए समय निकालकर आम जनता को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संदेश दिया। उन्होंने लोकतंात्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ एवं परिपक्व बनाने हेतु सभी मतदाताओं को अनिवार्य रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संदेश दिया। आज जिले के गुण्डरदेही एवं गुरूर विकासखण्ड में संपन्न मतदान के दौरान युवा, बुजुर्ग, दिव्यांग सहित महिला मतदाताओं के अलावा सभी वर्ग के मतदाताओं ने लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर कर हिस्सा लेते हुए पूरे जोश एवं उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह से समाज के सभी वर्ग के लोगों ने मताधिकार के महत्व को समझते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र की पे्ररणादायी तस्वीर पेश की।
आज संपन्न मतदान के दौरान युवा मतदाताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। इसके अंतर्गत आज गुरूर विकासखण्ड के ग्राम अरमरीकला के मतदान केन्द्र में युवा मतदाता टेकराम पटेल, कविता कुर्रे, पूनम, गोपी, डिगेश्वर ने मतदान केन्द्र में पहुँचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इन सभी युवा मतदाताओं ने आज के इस अवसर को अपने लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि उन्हें आज अपने मताधिकार के प्रयोग के माध्यम से निर्वाचन के इस राष्ट्रीय कार्य में सहभागी बनने का अवसर प्राप्त हो रहा है। इसके साथ ही अपने शारीरिक असमर्थता के बावजूद दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाता निर्वाचन के राष्ट्रीय कार्य में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने में पीछे नही रहे। इसी कड़ी में ग्राम अरमरीकला के मतदान केन्द्र में 75 वर्षीय बुजुर्ग संुदर लाल अपनी धर्मपत्नी 72 वर्षीय शिवबती बाई एवं अपने 45 वर्षीय पुत्र त्रिलोकी के साथ मतदान करने पहुँचे थे। इस अवसर पर जिले के सभी मतदाताओं को त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के दौरान अनिवार्य रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील भी की। आज संपन्न मतदान के दौरान ग्राम गुरूर विकासखण्ड के मतदन केन्द्र अरमरीकला मंे 80 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग महिला सुरूज बाई एवं गुण्डरदेही विकासखण्ड के कोड़ेवा मतदान केन्द्र में दिव्यांग मतदाता उजियार सिंह अपनी पत्नी गोमती बाई के साथ अपने शारीरिक अक्षमता के बावजूद मतदान केन्द्र में पहुँचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग कर देश के लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए। इसी तरह गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम कोड़ेवा की 21 वर्षीय युवती गोमती निर्मलकर ने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक वेशभूषा में मतदान केन्द्र में पहुँचकर अपने मत का प्रयोग कर बहुत ही प्रसन्नचित एवं अभिभूत नजर आ रही थी। उल्लेखनीय है कि गुरूर एवं गुण्डरदेही विकासखण्ड के मतदान केन्द्रों में मतदाताओं के लिए बैठक एवं छांव इत्यादि की समुचित व्यवस्था की गई थी। जिसमें मतदाताओं ने छांव में विश्राम कर अपनी बारी आने पर क्रमशः अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार मतदान कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु रिटर्निंग अधिकारी, नोडल अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स एवं पुलिस के आला अधिकारी ने मतदान केन्द्रों का लगातार दौरा कर मतदान को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु व्यवस्थाओं का निरंतर माॅनिटरिंग करते रहे। जिला एवं पुलिस प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने हेतु पर्याप्त मात्रा में पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी एवं रिजर्व मतदान दलों की तैनातगी भी सुनिश्चित की गई थी। सभी मतदान केन्द्रों में मतदान समाप्ति के पश्चात् मतदान अधिकारियों के द्वारा निर्धारित प्रक्रिया को पूरी करने के पश्चात् निर्वाचन अभिकर्ताओं की उपस्थिति में मतगणना के कार्य को आरंभ कर दिया गया।
