ग्रामीणों ने कलेक्टर से की पटवारी को हटाने की मांग

महासमुंद। झलप क्षेत्र के प.ह.नं. 26 में पदस्थ पटवारी भुनेश्वर प्रसाद चंद्राकर को हटाने की मांग के लेकर हल्का क्षेत्र के ग्राम भटगाँव, फरफाैद, सराईपाली, पथर्री, कुल्हरिया, केरामुड़ा आदि के ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन साैंपा है। साैंपे गए ज्ञापन में क्षेत्र के ग्रामीणों ने बताया है कि पटवारी भुनेश्वर प्रसाद चंद्राकर पहनं 26 हल्का क्षेत्र में अकसर अनुपस्थित रहता है और हल्का क्षेत्र से 12-13 किमी दूर ग्राम झलप में निवासरत है। छोटे-छोटे कार्यों के लिए किसानों, ग्रामीणों को झलप जाना पड़ता है तथा कई दफे झलप में भी वे नहीं मिलते। इसके अलावा शासकीय कार्य में होने की बात कहते हुए ग्रामीणों को बैरंग ही उनके द्वारा लाैटा दिया जाता है। उनके अनुपस्थिति तथा कार्यों के प्रति उदासीनता के कारण बटवारा, सीमांकन सहित अनेक काम लंबित पड़े हैं। उनके द्वारा अपने निवास में आफिस खोलकर दो-दो कम्प्यूटर आॅपरेटर रखा गया है, इसके एवज में राशि की मांग की जाती है। पहनं 26 अंतर्गत ग्रा.पं. भटगांव व आश्रित ग्राम सराईपाली, फरफाैद, ग्रा पंचायत पथर्री का आश्रित ग्राम केरामुड़ा व कुल्हरिया वासियों को पटवारी का चक्कर लगाना पड़ रहा है। अत: उक्त पटवारी को तत्काल यहां से हटाया जाए अन्यथा क्षेत्र के ग्रामीण, कृषकों द्वारा उग्र आंदोलन की बात कही गयी है।