खल्लारी विधायक ने दी मेधावी विद्यार्थियों को बधाई, महासमुंद ने रचा इतिहास

मेरिट सूची में 12 विद्यार्थियों का चयन, छात्राओं ने भी लहराया परचम
महासमुंद। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षा-2026 के घोषित परिणामों में महासमुंद जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नया इतिहास रच दिया है। इस उल्लेखनीय सफलता पर खल्लारी विधानसभा के विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने खुशी जताते हुए सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं गुरुजनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
विधायक श्री यादव ने विशेष रूप से जिले के उन 12 छात्र-छात्राओं की सराहना की, जिन्होंने प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान बनाकर जिले को गौरवान्वित किया है। उन्होंने बताया कि इन 12 में से 11 विद्यार्थी सरायपाली क्षेत्र से तथा 1 छात्र बागबाहरा क्षेत्र से है, जो क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को दर्शाता है।
शिक्षा की गुणवत्ता और समर्पण का परिणाम
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का टॉप-10 में स्थान बनाना शिक्षा के प्रति समर्पण, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के त्याग का प्रतिफल है।
विधायक ने मेरिट सूची में छात्राओं की उल्लेखनीय भागीदारी पर विशेष प्रसन्नता जताते हुए संध्या नायक, परीरानी प्रधान, शहनाज परवीन, गीतिका प्रधान और रानू सिद्धिमई जैसी छात्राओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि बेटियाँ आज हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।
विधायक ने कहा कि विद्यार्थियों में आईएएस, इंजीनियर जैसे बड़े लक्ष्य हासिल करने का जज्बा प्रेरणादायक है। उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ये छात्र आगे भी जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।