साहू समाज के सामुदायिक भवन के लिए विधायक ने की 5 लाख देने की घोषणा

भुरकोनी में साहू समाज द्वारा निर्मित व्यवसायिक परिसर का शुभारंभ
महासमुंद 14 दिसम्बर 2024/ साहू समाज भुरकोनी द्वारा निर्मित व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने किया। अध्यक्षता पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिलाध्यक्ष धरम दास साहू, जिला महामंत्री नोहर दास साहू, समाज रत्न लक्ष्मण साहू, तहसील अध्यक्ष मनोहर साहू, जनपद सदस्य अम्बिका खोमन साहू, संरक्षक भैरवनाथ साहू, अर्जुन साहू, पूर्व सरपंच संजय अग्रवाल थे।
अतिथियों ने भक्त माता कर्मा के चित्र की पूजा कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। पश्चात समाज की मांग पर विधायक द्वारिकाधीश यादव ने सामुदायिक भवन के लिए 5 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने उपस्थित समाज जनों को संबोधित करते हुए कहा कि भक्त माता कर्मा के आराध्य भगवान कृष्ण और हमारे यादव समाज के आराध्य भी भगवान कृष्ण है। मतलब हम दोनों समाज के आराध्य देव एक हैं। इस कारण हमारे विचार और संस्कार भी मिलते हैं। साहू समाज की एकजुटता से हम सबको एक सीख मिलती है कि समाज सर्वोपरि है। भुरकोनी परिक्षेत्र ने व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण कर समाज के नवयुवकों को रोजगार के अवसर प्रदान किया है। यह पहला अवसर है जब समाज स्वयं की राशि से दुकान का निर्माण किया है इसके लिए इस क्षेत्र के सामाजिक पदाधिकारी बधाई के पात्र हैं।
सभा को पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू ने संबोधित करते हुए कहा कि साहू समाज में जो नियमावली बनी है उसे हमारे क्षेत्र के सामाजिक पदाधिकारियों ने सन 1962 में भीखापाली के अधिवेशन में बनाया था। जिसका आज भी पालन हो रहा है। आज से 50-60 साल पहले बुजुर्गों ने मृत्युभोज स्वैच्छिक, बाराती में अधिकतम 50 आदमी सहित कई कुरीतियों को दूर करने दिशा निर्देश तय किये हैं। जिसे पढ़ने से हमे ज्ञात होता है कि फिजूलखर्ची व आडम्बर से दूर एक स्वच्छ समाज का निर्माण की नींव रखी है।
जिलाध्यक्ष धरम दास साहू ने भुरकोनी परिक्षेत्र के पदाधिकारियों से कहा कि आप लोगों ने अनुकरणीय कार्य किया है। ऐसे कार्य सभी परिक्षेत्र को करना चाहिए समाज रत्न लक्ष्मण साहू, जिला महामंत्री नोहर दास साहू व चरौदा जनपद सदस्य अम्बिका खोमन साहू ने भी संबोधित किया। संचालन तहसील अध्यक्ष मनोहर साहू व भुरकोनी परिक्षेत्र अध्यक्ष गुणित राम साहू ने संयुक्त रूप से किया। समस्त अतिथियों को मोमेंटो भेंटकर समाज द्वारा सम्मान किया गया। इस अवसर पर भुरकोनी परिक्षेत्र के सामाजिक जन व पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में समाज जनों की सक्रिय भूमिका रही।