ग्रामीण प्रतिभा का कमाल: खट्टीडीह के प्रगेश साहू ने 548 अंक लाकर बढ़ाया मान

स्वामी आत्मानंद स्कूल के छात्र ने प्रथम श्रेणी में हासिल की शानदार सफलता
महासमुंद। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाई स्कूल परीक्षा-2026 में तुमगांव क्षेत्र के ग्राम खट्टीडीह निवासी प्रगेश साहू ने 548 अंक अर्जित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, तुमगांव के छात्र प्रगेश ने प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होकर परिवार, विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है।
प्रगेश ने अंग्रेज़ी में 83, हिंदी में 85, संस्कृत में 95, गणित में 93, विज्ञान में 97 तथा सामाजिक विज्ञान में 95 अंक प्राप्त किए हैं। विज्ञान, गणित और संस्कृत में डिस्टेंशन हासिल कर उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। ग्रामीण क्षेत्र में रहकर इस तरह की उपलब्धि हासिल करना प्रगेश की मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है।
प्रगेश के पिता मानिक साहू किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष हैं, जबकि माता पिंकी साहू गृहिणी हैं। परिवार और शिक्षकों ने इस सफलता को उनके निरंतर परिश्रम का परिणाम बताया है। प्रगेश का लक्ष्य भविष्य में प्रशासनिक अधिकारी बनकर समाज और देश की सेवा करना है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्रभर में खुशी का माहौल है और लोगों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।