भाजपा पार्षदों की बैठक, जनसमस्याओं के समाधान पर जोर

‘सुशासन अभियान’ के तहत वार्डवार समस्याएं जुटाने के निर्देश
पेयजल संकट पर आंदोलन की चेतावनी
महासमुंद। भारतीय जनता पार्टी शहर मंडल द्वारा नगर पालिका के भाजपा पार्षदों की महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष ऐतराम साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष साहू ने कहा कि शहर की मूलभूत समस्याओं के प्रति सभी जनप्रतिनिधियों को सजग और सक्रिय रहने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार ‘सुशासन अभियान’ चलाया जा रहा है, जिसके तहत सभी पार्षद अपने-अपने वार्डों के नागरिकों की समस्याएं एकत्र कर नगरपालिका कार्यालय में प्रस्तुत करेंगे, ताकि उनका त्वरित निराकरण किया जा सके।
साहू ने संगठनात्मक एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि सभी पार्षद समन्वय के साथ कार्य करें। साथ ही महिला सशक्तिकरण अधिनियम के खारिज किए जाने के विरोध में नगरपालिका की विशेष बैठक बुलाकर निंदा प्रस्ताव पारित कर शासन को भेजने की बात कही।
नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने पार्षदों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित करने तथा हर दो माह में नियमित बैठक कराने का सुझाव दिया। उन्होंने विशेष रूप से महिला पार्षदों से निंदा प्रस्ताव पर अपने विचार रखने और उसे ध्वनिमत से पारित कराने की अपील की।
वहीं पार्षद पवन पटेल ने शहर में बढ़ते पेयजल संकट को गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि भीषण गर्मी में हालात विकराल होते जा रहे हैं और नगर पालिका इस दिशा में ठोस पहल करने में विफल नजर आ रही है। उन्होंने पार्षदों से प्रभारी सीएमओ से मुलाकात कर शीघ्र समाधान निकालने की बात कही। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो जनहित में आंदोलन किया जाएगा।
बैठक के अंत में महामंत्री अग्रज शर्मा ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रतिपक्ष नेता नानू भाई सहित अनेक पार्षद एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।