कलेक्टर ने धान खरीदी को लेकर ली बैठक, पारदर्शिता से खरीदी करने के निर्देश
बलरामपुर 9 नवंबर 2024। कलेक्टर रिमिजियुस एक्का ने धान खरीदी के संबंध में बैठक लेकर खरीदी की तैयारियों की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि 14 तारीख से खरीदी शुरू होगी, जो 31 जनवरी तक की जाएगी। उन्होंने धान खरीदी से जुड़े हर पहलू की विस्तृत समीक्षा कर शासन की मंशानुरूप चाक-चौबंद व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि धान खरीदी केंद्रों में धान खरीदी अवधि, शासन द्वारा निर्धारित गुणवत्ता, समर्थन मूल्य, बायोमेट्रिक धान खरीदी, खाद्य विभाग के टोल फ्री नंबर, टोकन की जानकारी सहित समस्त जानकारी बैनर, पंपलेट, दीवार लेखन के साथ ही धान खरीदी केंद्रों में स्थल की सफाई, कांटा बाट अथवा इलेक्ट्रॉनिक कांटा का सत्यापन, कैप कवर, बारदाने की व्यवस्था, डनेज व्यवस्था, छाया, पेयजल जैसी समस्त व्यवस्थाएं उपलब्ध रहें। कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी प्रक्रिया में वास्तविक किसानों को किसी तरह की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। धान बेचने से जुड़ी उनकी हर तरह की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाये। उन्होंने धान पंजीकरण ऑनलाइन प्रविष्टि के साथ ही धान खरीदी तिथि को ही आवश्यक प्रविष्टियां पूर्ण करने को कहा है। उन्होंने कहा कि धान खरीदी हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। धान खरीदी के दौरान अवैध रूप से धान का परिवहन, सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थापित चेक पोस्टों में विशेष निगरानी और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। इस कार्य में किसी तरह की लापरवाही ना हो, इसका कड़ाई से ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि धान उपार्जन केंद्रों में निरीक्षण हेतु नोडल अधिकारियों की डयूटी लगाई गई है, वे सभी अपने दायित्वों को गंभीरता से निभाएं। बैठक में जिला खाद्य अधिकारी एस.बी. कामटे, जिला विपणन अधिकारी, सहायक पंजीयक, नोडल सी.सी.बी, समिति प्रबंधक, धान खरीदी ऑपरेटर उपस्थित रहे।
