घर बैठे दर्ज करें उपभोक्ता शिकायतें, ऑनलाइन सुनवाई का भी मिलेगा लाभ

लोहारडीह स्कूल में उपभोक्ता जागरूकता शिविर आयोजित, ई-जागृति पोर्टल और उपभोक्ता अधिकारों की दी गई जानकारी
महासमुंद। उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और शिकायतों के निराकरण की ऑनलाइन सुविधाओं से परिचित कराने के उद्देश्य से जिला उपभोक्ता आयोग महासमुंद द्वारा 26 नवंबर को ग्राम लोहारडीह स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में उपभोक्ता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। राज्य शासन के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में विद्यार्थियों, ग्रामीणों और आम उपभोक्ताओं को ई-जागृति पोर्टल, ई-फाइलिंग, ई-हियरिंग तथा उपभोक्ता अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी गई।
शिविर में जिला उपभोक्ता आयोग की सदस्य टी. दुर्गा ज्योति राव ने उपभोक्ताओं को ई-जागृति पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज करने और ऑनलाइन सुनवाई में शामिल होने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई। उन्होंने बताया कि डिजिटल सुविधाओं के माध्यम से उपभोक्ता घर बैठे अपनी शिकायतें दर्ज कर सकते हैं और ऑनलाइन सुनवाई का लाभ उठा सकते हैं। इससे उपभोक्ताओं को आयोग तक पहुंचने में होने वाली असुविधा कम होती है तथा शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया अधिक सुगम बनती है।
उन्होंने उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार की अनुचित व्यापारिक गतिविधि या सेवा में कमी होने पर नियमानुसार शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उपभोक्ता के रूप में अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहने की आवश्यकता पर जोर दिया।
शिविर के दौरान प्रश्नोत्तरी के माध्यम से विद्यार्थियों को उपभोक्ता जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। विद्यार्थियों से विभिन्न प्रश्न पूछे गए तथा सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को उपभोक्ता अधिकारों और शिकायत निवारण की प्रक्रिया को सरल एवं रोचक तरीके से समझाया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी, ग्रामीणजन, सरपंच एवं पंच उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को डिजिटल शिकायत निवारण व्यवस्था से जोड़ने तथा उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.