नगर की संपत्तियों से राजस्व जुटाएगी नगरपालिका, बिजली पोल-ट्रांसफार्मरों पर किराया वसूलने की तैयारी

वार्डवार सर्वेक्षण कर जुटाया जाएगा विद्युत संरचनाओं का ब्योरा, परिषद में आएगा प्रस्ताव; शासन से भी मांगा जाएगा मार्गदर्शन
महासमुंद। नगर की सार्वजनिक एवं नगरपालिका की स्वामित्व वाली संपत्तियों के उपयोग से राजस्व अर्जित करने की दिशा में नगर पालिका परिषद ने पहल शुरू की है। नगर क्षेत्र में विद्युत वितरण कंपनी द्वारा स्थापित बिजली पोल, ट्रांसफार्मर एवं अन्य विद्युत संरचनाओं के बदले वार्षिक किराया अथवा भूमि उपयोग शुल्क वसूलने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। नगरपालिका इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर परिषद के समक्ष रखने की तैयारी कर रही है। यदि नियमानुसार शुल्क वसूली का प्रावधान मिलता है, तो निकाय के लिए राजस्व का एक नया स्रोत विकसित हो सकता है।
नगरपालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने इस संबंध में आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत नगर के सभी वार्डों में स्थापित विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर और अन्य विद्युत संरचनाओं का वार्डवार सर्वेक्षण कराया जाएगा। विद्युत संरचनाओं की संख्या, स्थापना स्थल तथा नगरपालिका की संपत्तियों के उपयोग से संबंधित विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी। इसके लिए विद्युत वितरण कंपनी से आवश्यक अभिलेख भी प्राप्त किए जाएंगे।
नगर की संपत्तियों के उपयोग का मिलना चाहिए प्रतिफल
नगरपालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि नगर की संपत्तियां नगरवासियों की धरोहर हैं। इनका उपयोग करने वाली संस्थाओं से नियमानुसार प्रतिफल प्राप्त होना चाहिए। नगरपालिका के राजस्व स्रोतों को मजबूत करना हमारी प्राथमिकता है। यदि विद्युत वितरण कंपनी द्वारा नगरपालिका की भूमि एवं सार्वजनिक संपत्तियों का उपयोग किया जा रहा है और नियमानुसार उसके बदले शुल्क प्राप्त करने का प्रावधान है, तो नगरपालिका अपने इस अधिकार का उपयोग अवश्य करेगी।
उन्होंने कहा कि इस विषय को परिषद के समक्ष रखा जाएगा और शासन से आवश्यक मार्गदर्शन भी प्राप्त किया जाएगा। शुल्क वसूली की पात्रता, नियमों और प्रावधानों का परीक्षण करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शहर के विकास में खर्च हो सकेगी अतिरिक्त आय
नगरपालिका की इस पहल का उद्देश्य नगर की संपत्तियों के उपयोग से होने वाले संभावित राजस्व का आकलन करना है। वार्डवार सर्वेक्षण और अभिलेखों के परीक्षण के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कितनी विद्युत संरचनाएं नगरपालिका की संपत्तियों पर स्थापित हैं और उनसे कितना शुल्क प्राप्त किया जा सकता है।
यदि शुल्क वसूली का रास्ता साफ होता है, तो इससे नगरपालिका को अतिरिक्त आय प्राप्त हो सकती है। इस राजस्व का उपयोग शहर की स्वच्छता, सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जा सकेगा। फिलहाल नगरपालिका ने सर्वेक्षण, अभिलेख संकलन और प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की है।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.