तीन चक्रवाती तूफानों से तबाह फसल, किसानों को मिले 65,100 प्रति एकड़ मुआवजा
कांग्रेस जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव की मांग, धान खरीदी की अवधि 15 दिन बढ़ाने और छूटे किसानों को दोबारा टोकन जारी करने की उठाई आवाज
महासमुंद। प्रदेश में बीते एक माह के दौरान तीन चक्रवाती तूफानों और लगातार बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में पककर तैयार धान की फसल गिरकर बर्बाद हो रही है, वहीं कटाई के बाद खेतों में पड़ी उपज भी बारिश की भेंट चढ़ रही है। प्राकृतिक आपदा से किसानों को हुए नुकसान को देखते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने प्रदेश सरकार से प्रभावित किसानों को 65,100 रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने और धान खरीदी की अवधि 15 दिन बढ़ाने की मांग की है।
यादव ने कहा कि प्राकृतिक आपदा ने किसानों की सालभर की मेहनत और उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। ऐसे संकट के समय सरकार को प्रभावित गांवों और खेतों का तत्काल निष्पक्ष एवं पारदर्शी सर्वे कराना चाहिए। नुकसान का वास्तविक आकलन कर किसानों को बिना देरी मुआवजा दिया जाए। सर्वेक्षण में किसी तरह की लापरवाही न हो और कोई भी प्रभावित किसान राहत से वंचित न रहे।
उन्होंने मुआवजे का आधार प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान उत्पादन और 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य को बनाने की मांग की। इस गणना के अनुसार किसानों को 65,100 रुपये प्रति एकड़ क्षतिपूर्ति मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों से टोकन नहीं कटने के कारण जो किसान धान नहीं बेच पाए हैं, उन्हें दोबारा टोकन जारी कर खरीदी का अवसर दिया जाए। खरीदी की अंतिम तिथि 15 दिन आगे बढ़ाने से किसानों को खराब मौसम और अव्यवस्थाओं के बीच अपनी उपज बेचने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।
राइस मिलर्स और समितियों की समस्याएं भी सुलझाए सरकार
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि धान खरीदी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए किसानों के साथ राइस मिलर्स और सहकारी समितियों की समस्याओं का समाधान भी जरूरी है। राइस मिलर्स को धान उठाव, मिलिंग और भुगतान में आ रही दिक्कतों से राहत दी जाए। वहीं खरीदी केंद्रों का संचालन करने वाली समितियों को पर्याप्त संसाधन, जरूरी व्यवस्थाएं और समय पर प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि खरीदी प्रक्रिया से जुड़े सभी पक्षों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। किसी एक पक्ष की समस्या का असर पूरी व्यवस्था पर पड़ता है। इसलिए सरकार सभी संबंधित पक्षों से चर्चा कर व्यावहारिक निर्णय ले, ताकि किसानों को उपज बेचने में परेशानी न हो और खरीदी केंद्रों का संचालन भी प्रभावित न हो।
बीमा प्रीमियम लेने वाली कंपनियां दें नुकसान की भरपाई
यादव ने फसल बीमा कंपनियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसान नियमित रूप से बीमा प्रीमियम जमा करते हैं, लेकिन प्राकृतिक आपदा के समय उन्हें बीमा का वास्तविक लाभ नहीं मिल पाता। सरकार बीमा कंपनियों को निर्देशित करे कि प्रभावित फसलों का तत्काल आकलन कर नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि दी जाए।
उन्होंने कहा कि पटवारी हड़ताल के कारण फसल नुकसान के आकलन की प्रक्रिया प्रभावित हुई है। ऐसे में सरकार वैकल्पिक व्यवस्था बनाकर सर्वेक्षण का काम शीघ्र पूरा कराए। कांग्रेस किसानों के हितों और अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी। सरकार को तत्काल सर्वे, मुआवजा वितरण, धान खरीदी की अवधि में वृद्धि और खरीदी व्यवस्था से जुड़े सभी पक्षों की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस निर्णय लेना चाहिए।
