किसानों को मिली बड़ी राहत, शून्य रकबे में सुधार कार्य में तेजी

भानुप्रतापपुर तहसील में 241 किसानों के रकबे का हुआ सुधार, शेष किसानों की समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया जारी
उत्तर बस्तर कांकेर, 19 नवंबर 2026/ समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान किसी भी पात्र किसान को परेशानी न हो और वह अपनी उपज का विक्रय कर सके, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा शून्य रकबा प्रदर्शित होने वाले किसानों के रकबे में सुधार का कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार संबंधित विभागों एवं सहकारी समितियों के समन्वय से किसानों की जानकारी का सत्यापन कर रकबा सुधार की कार्यवाही तेजी से की जा रही है।
इसी क्रम में भानुप्रतापपुर एसडीएम अनिकेत अशोक फड़तरे के मार्गदर्शन में भानुप्रतापपुर तहसील की सभी 9 समितियों एवं 12 धान उपार्जन केन्द्रों में शून्य रकबा वाले किसानों की जानकारी संकलित कर सुधार की प्रक्रिया शुरू की गई है। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक की शाखा कोरर एवं भानुप्रतापपुर से प्राप्त सूची के अनुसार तहसील में कुल 804 किसान शून्य रकबा वाले चिन्हांकित किए गए थे। इनमें से अब तक 241 किसानों के रकबे में सफलतापूर्वक सुधार किया जा चुका है, शेष 563 किसानों के रकबे में सुधार की कार्यवाही जारी है। शाखा कोरर अंतर्गत कोरर, हाटकर्रा, कनेचुर एवं बैजनपुरी समितियों में चिन्हांकित 338 किसानों में से 101 किसानों के रकबे में सुधार किया गया है। इनमें कोरर समिति में सर्वाधिक प्रगति दर्ज की गई है, जहां 118 में से 71 किसानों के रकबे में सुधार हुआ है।
इसी तरह शाखा भानुप्रतापपुर अंतर्गत भानुप्रतापपुर, संबलपुर, आसुलखार, केंवटी एवं भानबेड़ा समितियों में चिन्हांकित 466 किसानों में से 140 किसानों के रकबे में सुधार किया जा चुका है। इनमें केंवटी समिति के 131 में से 64 तथा भानुप्रतापपुर समिति के 88 में से 39 किसानों के रकबे में सुधार किया गया है। इस प्रकार भानुप्रतापपुर तहसील में अब तक लगभग 30 प्रतिशत चिन्हांकित किसानों के रकबे में सुधार किया जा चुका है। जिला प्रशासन द्वारा शेष किसानों के रकबे का सत्यापन एवं सुधार कार्य शीघ्र पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.