जिला स्तरीय युवा उत्सव में लोककला, संस्कृति और प्रतिभाओं का दिखा अनूठा संगम

कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय युवा महोत्सव का रंगारंग आयोजन
कोरबा, 19 नवम्बर 2026/युवाओं की सृजनात्मक प्रतिभा, लोककला और सांस्कृतिक विरासत से सजे जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन पंडित जवाहर लाल नेहरू सभागार, आईटीआई चौक रामपुर में उत्साह और उमंग के साथ किया गया। छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस महोत्सव में जिले के पांचों विकासखंडों से पहुंचे युवा कलाकारों ने अपनी कला और हुनर की आकर्षक प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित युवा उत्सव युवाओं को कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्पना को साकार करने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। इस दिशा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को शिक्षा, विज्ञान, नवाचार, खेल और कला-संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं में असीम प्रतिभा और ऊर्जा है। वे अपनी मेहनत, लगन और कौशल से नई उपलब्धियां हासिल करते हुए अपने माता-पिता, परिवार, गांव, जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन करें। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारें और अपने निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें।
मंत्री श्री देवांगन ने राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में लिए गए निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। धान खरीदी के अंतर की राशि का एकमुश्त भुगतान करने की व्यवस्था के साथ नए प्रावधान के तहत निर्धारित अधिकतम सीमा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये की समान आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के साथ-साथ युवाओं, विद्यार्थियों सहित सभी वर्ग के लोगो को अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
कार्यक्रम को महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत एवं जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने भी संबोधित किया। उन्होंने युवा कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया तथा युवाओं को अपनी कला और प्रतिभा के माध्यम से जिले एवं प्रदेश का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
जिला स्तरीय युवा उत्सव के अंतर्गत 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा कलाकारों ने लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, कविता लेखन, क्रिएटिव यूथ रील चौलेंज, पारंपरिक वेशभूषा और रॉक बैंड सहित आठ विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिले के पांचों विकासखंडों से आए प्रतिभागियों ने पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति की मनमोहक झलक प्रस्तुत की। मादर की थाप पर थिरकते युवा नर्तक दलों की प्रस्तुतियों ने सभागार में उत्साह का माहौल बना दिया। कला प्रेमी दर्शकों ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों की रचनात्मकता, कला कौशल और मंचीय प्रस्तुति देखने को मिली।
इस अवसर पर पार्षद नरेंद्र देवांगन, मुकुंद सिंह कंवर, गजेंद्र मानसर, खेल अधिकारी दीनू पटेल, रामकृपाल साहू, सुनील पाण्डेय, श्रीमती सारिका रात्रे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, युवा प्रतिभागी एवं बड़ी संख्या में कला प्रेमी नागरिक उपस्थित थे।
लोकनृत्य, लोकगीत और नुक्कड़ नाटक के विजेता एवं उपविजेता घोषित
जिला स्तरीय युवा महोत्सव में लोकनृत्य (दलीय) विधा में पीजी कॉलेज कोरबा की मुस्कान रानी कंवर एवं साथी विजेता रहे। थिरमन दास एवं साथी ने उपविजेता स्थान प्राप्त किया। लोकगीत (दलीय) में कन्हैया लाल एवं साथी पोड़ी-उपरोड़ा का दल विजेता रहा, जबकि थिरमन दास एवं साथी उपविजेता रहे। चित्रकला में विजेता अंकित कुमार कंवर, उप विजेता अलिशा तियू निर्मला स्कूल, कविता लेखन में ऋचा स्वर्णकार, उप विजेता आस्था गुप्ता रही। रील चैलेंज में ऋचा स्वर्णकार विजेता और उप विजेता तरूण श्रीवास रहे। पारंपरिक वेषभूषा में अर्चना लकड़ा, जय वेरूड़कर विजेता रहे।
नुक्कड़ नाटक में पाली की लवली सिदार टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रयास आवासीय विद्यालय, डिंगापुर कोरबा की आस्था एवं साथी उपविजेता रहे। जिला स्तरीय युवा महोत्सव में युवाओं को अपनी लोककला, रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिला। विजेता प्रतिभागियों को उपलब्धि के लिए बधाई दी गई।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.