कलेक्टर ने रक्तदान कर दिया सेवा का संदेश, तुमगांव में लगा जिला स्तरीय शिविर

सेवा संकल्प अभियान के तहत 2 से 8 अक्टूबर तक दान उत्सव; जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
महासमुंद। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में 2 से 8 अक्टूबर तक मनाए जा रहे दान उत्सव के अंतर्गत शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव में जिला स्तरीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, सामाजिक संस्थाओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। दोपहर तक शिविर में 10 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया।
शिविर में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, ऐतराम साहू, जनपद उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर और कलेक्टर विनय कुमार लंगेह प्रमुख रूप से मौजूद रहे। कलेक्टर लंगेह ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। दुर्घटना, प्रसव, गंभीर बीमारी और शल्य चिकित्सा जैसी आपात स्थितियों में समय पर रक्त उपलब्ध होना बेहद जरूरी है।
अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
कलेक्टर के साथ अपर कलेक्टर रवि साहू, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामकेश्वर कुशवाहा, एसडीएम अक्षा गुप्ता, तहसीलदार जुगल किशोर और डीपीएम नीलू धृतलहरे ने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जनसंपर्क अधिकारी पोषण साहू सहित अन्य लोगों ने भी रक्तदान किया।
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि रक्तदान एक महत्वपूर्ण मानवीय सेवा है। उन्होंने स्वस्थ एवं पात्र नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
रक्तदाताओं को हेलमेट और बेडशीट से किया प्रोत्साहित
रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए सामाजिक एवं औद्योगिक संस्थाओं ने भी सहयोग किया। मनोरमा इंडस्ट्रियल लिमिटेड की ओर से रक्तदाताओं को हेलमेट तथा राइस मिल एसोसिएशन की ओर से बेडशीट प्रदान की गई। इससे रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ा।
रक्त संग्रहण और तकनीकी व्यवस्थाओं में देवेंद्र नगर गुरुद्वारा ब्लड बैंक की टीम का विशेष सहयोग रहा। टीम ने शिविर में रक्त संग्रहण के साथ आवश्यक तकनीकी एवं व्यवस्थागत सहयोग प्रदान किया।
इस दौरान राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष पारस चोपड़ा, कोषाध्यक्ष राहुल चंद्राकर, राइस मिलर बाबी जिंदल, सुमित अग्रवाल और हर्ष चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बागबाहरा में भी जनप्रतिनिधियों ने किया रक्तदान
सेवा संकल्प अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा में भी रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। यहां जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम ठाकुर, एसडीएम नमिता मारकोले और तहसीलदार प्रेरणा सिंह ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। जिले के अन्य सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सामाजिक संगठनों की सहभागिता हो रही है।