महावीर व्यायाम शाला की नई कार्यकारिणी गठित, जयकृष्ण सोनी बने अध्यक्ष

हर माह की पहली तारीख को होगी बैठक, युवाओं को खेल और व्यायाम से जोड़ने पर जोर
बागबाहरा। श्री महावीर व्यायाम शाला बागबाहरा में 1 अक्टूबर को आयोजित आवश्यक बैठक में संस्था की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। बैठक में व्यायाम शाला के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संस्था की गतिविधियों को विस्तार देने और अधिक से अधिक युवाओं को खेल एवं व्यायाम से जोड़ने को लेकर विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
नई कार्यकारिणी में जयकृष्ण सोनी (बबलू) को अध्यक्ष, जीवन सिंह राजपूत को कार्यकारी अध्यक्ष, देवीचंद कौशिक को कोषाध्यक्ष, तुकेश सिखा (छोटू) को व्यायाम शाला प्रभारी, हितेश सिंह ठाकुर को सचिव तथा अमित मार्टिन को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी पदों पर सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया।
बैठक में जिला पंचायत महासमुंद के उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, घनश्याम जगत (सुनील शेट्टी), दीपक साहू सहित व्यायाम शाला के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
1981 से युवाओं को दे रही खेल मंच
श्री महावीर व्यायाम शाला वर्ष 1981 से संचालित है। संस्था से जुड़े खिलाड़ियों ने भारोत्तोलन, वेटलिफ्टिंग और बॉडी बिल्डिंग जैसे खेलों में राष्ट्रीय स्तर तक बागबाहरा का प्रतिनिधित्व किया है। बैठक में संस्था की गतिविधियों को और व्यापक बनाने तथा नगर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को व्यायाम एवं खेलों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
हर माह बैठक और 15 दिन में सफाई का निर्णय
बैठक में तय किया गया कि व्यायाम शाला की नियमित बैठक प्रत्येक माह की पहली तारीख को आयोजित की जाएगी। इसके अलावा व्यायाम शाला परिसर की हर 15 दिन में साफ-सफाई की जाएगी। धार्मिक आस्था के तहत प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को भगवान बजरंगबली को एक श्रीफल अर्पित करने का भी निर्णय लिया गया।
सदस्यों ने कहा कि व्यायाम, अनुशासन और खेल के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ना संस्था की प्राथमिकता रहेगी। आने वाले समय में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं की सहभागिता बढ़ाकर स्वास्थ्य, खेल और युवा प्रतिभाओं के विकास के लिए व्यायाम शाला को और सक्रिय एवं मजबूत बनाने का प्रयास किया जाएगा।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.