पोस्टरों में धड़का स्वस्थ दिल का संदेश, नर्सिंग विद्यार्थियों ने बताए हृदय को स्वस्थ रखने के उपाय

विश्व हृदय दिवस पर जीएनएम ट्रेनिंग सेंटर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कोण्डागांव, 30 सितम्बर 2026/विश्व हृदय दिवस के अवसर पर आमजन में हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 29 सितम्बर को स्वास्थ्य विभाग, जिला कोण्डागांव द्वारा शासकीय जीएनएम ट्रेनिंग सेंटर, कोण्डागांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नर्सिंग विद्यार्थियों ने रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक पोस्टरों के माध्यम से स्वस्थ हृदय और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हृदय रोगों से बचाव के लिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता को पोस्टरों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने बताया कि हृदय को स्वस्थ रखने के लिए केवल बीमारी होने के बाद उपचार कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शुरुआत से ही स्वस्थ आदतों को जीवनशैली का हिस्सा बनाना जरूरी है।
पोस्टर प्रेजेंटेशन में नियमित व्यायाम एवं शारीरिक गतिविधि, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नमक एवं वसा का सीमित सेवन, तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूरी, तनाव प्रबंधन और पर्याप्त नींद जैसे महत्वपूर्ण विषयों को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने रक्तचाप एवं ब्लड शुगर की नियमित जांच तथा उच्च रक्तचाप और मधुमेह को नियंत्रित रखने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में डॉ. ममता ठाकुर, प्राचार्य श्रीमती अनीता सोनी एवं शिक्षकगण, महामारी विशेषज्ञ श्री झम्मन लाल वर्मा तथा एनसीडी सलाहकार सुश्री शीला यादव उपस्थित रहे। अतिथियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत पोस्टरों का अवलोकन किया और उनके प्रयासों की सराहना की। इस दौरान हृदय स्वास्थ्य से जुड़ी जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
पोस्टर प्रेजेंटेशन में विद्यार्थियों ने हृदय स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में मीना पाण्डे ने प्रथम, जयश्री कश्यप ने द्वितीय तथा तुलेश्वरी कश्यप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीनों विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने आमजन को अपने हृदय की सेहत का ध्यान रखने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित आहार अपनाने, शारीरिक रूप से सक्रिय रहने तथा नशे से दूर रहने का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने बताया कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर हृदय रोगों के जोखिम को कम करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया जा सकता है।