हाईवे हादसे में एक ही गांव के तीन लोगों की मौत

महासमुंद। हाईवे पर मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही गांव के तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा शेरे पंजाब ढाबे के पास हुआ। ग्राम कांपा के लोग काम के सिलसिले में बिरकोनी जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने लोगों से भरे ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में कांपा निवासी रामेश्वर साहू और सुमीत रात्रे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राहुल बंजारे गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे में सड़क पर शव क्षत-विक्षत अवस्था में बिखर गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाते समय घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीण भावुक हो उठे। एक साथ तीन लोगों की मौत की खबर मिलते ही कांपा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गांव में मातम का माहौल है और पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है।