घर में रखी उपयोगी वस्तुएं अब जरूरतमंदों के आएंगी काम

नगर पालिका का 2 से 8 अक्टूबर तक सेवा संकल्प शिविर, अध्यक्ष ने हर परिवार से कम से कम एक वस्तु दान करने की अपील की
महासमुंद। सेवा, सहयोग और सामाजिक सहभागिता की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद महासमुंद द्वारा 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर 2026 तक “सेवा संकल्प शिविर” आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत शहरवासी अपने घरों में रखे उपयोगी और अच्छी स्थिति वाले कपड़े, पुस्तकें, बच्चों के खिलौने सहित अन्य सामग्री जरूरतमंदों के लिए दान कर सकेंगे।
नगर पालिका कार्यालय में दान सामग्री एकत्र की जाएगी। इसके बाद सामग्री को व्यवस्थित कर जरूरतमंद एवं पात्र लोगों तक पहुंचाया जाएगा। नगर पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल वही वस्तुएं दान करें, जो स्वच्छ, अच्छी स्थिति में और उपयोग योग्य हों, ताकि जरूरतमंद व्यक्ति उनका सम्मानपूर्वक उपयोग कर सके।
हर परिवार कम से कम एक उपयोगी वस्तु करे दान
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने शहरवासियों से अभियान में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि महासमुंद शहर में रहने वाले जरूरतमंद लोगों की मदद करना सामूहिक जिम्मेदारी है। सेवा के लिए बड़े साधनों की नहीं, बल्कि संवेदनशील सोच और मदद के लिए आगे बढ़े हाथों की आवश्यकता होती है।
उन्होंने कहा कि घरों में ऐसी कई वस्तुएं होती हैं, जिनकी अब जरूरत नहीं रह गई है, लेकिन उनका उपयोग किसी जरूरतमंद के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है। ऐसे कपड़े, पुस्तकें, खिलौने और अन्य उपयोगी सामान घर में पड़े रहने के बजाय जरूरतमंदों तक पहुंचाना सामाजिक जिम्मेदारी का बेहतर उदाहरण है। उन्होंने प्रत्येक परिवार से कम से कम एक उपयोगी वस्तु दान करने का संकल्प लेने का आग्रह किया।
अध्यक्ष ने व्यापारियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संस्थाओं से भी अभियान से जुड़कर इसे व्यापक जनभागीदारी का रूप देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल सामग्री एकत्र करना नहीं, बल्कि शहर में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करना है।
एक पुस्तक दे सकती है बच्चे के सपनों को दिशा
मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ शर्मा ने भी नागरिकों से सक्रिय सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि दान की गई वस्तु छोटी या बड़ी नहीं होती, उसके पीछे की सेवा भावना महत्वपूर्ण होती है। एक पुस्तक किसी बच्चे के सपनों को दिशा दे सकती है, खिलौना किसी बच्चे के चेहरे पर मुस्कान ला सकता है और उपयोगी कपड़े किसी जरूरतमंद परिवार के लिए सहारा बन सकते हैं।
उन्होंने नागरिकों से अपने परिवार, मित्रों और पड़ोसियों के साथ-साथ सामाजिक संगठनों को भी अभियान से जोड़ने और उन्हें दान के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.