बोलेरो में छिपाकर ले जा रहा था 13 किलो गांजा, चेकपोस्ट पर तस्कर गिरफ्तार
बोलेरो की तलाशी में खुला राज; गांजा और वाहन समेत 11.50 लाख रुपए का माल जब्त
महासमुंद। अंतरराज्यीय पलसापाली चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान बसना पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में महाराष्ट्र निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से बोलेरो वाहन में छिपाकर रखा 13 किलो गांजा बरामद किया। तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो को भी जब्त किया गया है। गांजा और वाहन की कुल कीमत करीब 11 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस के अनुसार 14 सितंबर को पलसापाली बैरियर पर आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान महाराष्ट्र की ओर से आ रही संदिग्ध बोलेरो क्रमांक एमएच 21 वी 0435 को पुलिस टीम ने रोककर तलाशी ली। वाहन में एक व्यक्ति सवार था। पूछताछ में उसने अपना नाम गीताराम ओटे (39), निवासी नायगांव, जिला संभाजी नगर, महाराष्ट्र बताया।
पुलिस ने वाहन की बारीकी से तलाशी ली तो उसमें छिपाकर रखा गया 13 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बरामद गांजे की कीमत करीब 6 लाख 50 हजार रुपए और तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो की कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई गई है।
बसना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
