सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का रुद्राभिषेक, सवा लाख बत्ती से हुई महाआरती

अजय जामवाल और पवन साय ने की पूजा-अर्चना, शोभायात्रा के साथ हुआ पार्थिव शिवलिंगों का विसर्जन
महासमुंद। श्रावण मास के पावन अवसर पर विशाल मेगा मार्ट परिसर में चल रहे एक माह के रुद्राभिषेक एवं हवन-पूजन कार्यक्रम के तहत गुरुवार को सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण कर विधिवत रुद्राभिषेक किया गया। इसके बाद सवा लाख बत्तियों से भव्य महाआरती हुई। इस धार्मिक आयोजन में भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय शामिल हुए। दोनों नेताओं ने पार्थिव शिवलिंगों का अभिषेक कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं शांति की कामना की।
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा भी परिवार सहित रुद्राभिषेक में शामिल हुए। पुरोहितों के मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने अपने द्वारा निर्मित पार्थिव शिवलिंगों का पूजन एवं अभिषेक किया। पूजा-अर्चना के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए भोग-भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
भव्य शोभायात्रा निकालकर किया विसर्जन
शाम करीब 4 बजे पार्थिव शिवलिंगों के विसर्जन के लिए शोभायात्रा निकाली गई। विशाल मेगा मार्ट परिसर से शुरू हुई शोभायात्रा में श्रद्धालु अपने द्वारा निर्मित पार्थिव शिवलिंग लेकर शामिल हुए। शोभायात्रा का बम्हनी में समापन हुआ, जहां विधि-विधान से पार्थिव शिवलिंगों का विसर्जन किया गया।
11 वर्षों से हो रहा धार्मिक आयोजन
ज्ञात हो कि श्रावण मास में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा परिवार द्वारा विगत 11 वर्षों से विशाल मेगा मार्ट परिसर एवं विधायक कार्यालय के पीछे रुद्राभिषेक, हवन-पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठान कराया जा रहा है। इस वर्ष भी 29 जुलाई से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। गुरुवार को सुबह करीब 8 बजे वेदी पूजन के बाद विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मिट्टी से पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण किया। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं को पूजा सामग्री उपलब्ध कराई गई।
श्रावण में महादेव की आराधना सौभाग्य: जामवाल
इस अवसर पर क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि श्रावण के पवित्र मास में भगवान महादेव की पूजा-अर्चना करना सौभाग्य की बात है। भगवान शिव की आराधना से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। उन्होंने इस धार्मिक एवं पुण्य कार्य के लिए विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा एवं उनके परिवार को शुभकामनाएं दीं।
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना के लिए अत्यंत पवित्र माना जाता है। रुद्राभिषेक, हवन-पूजन और धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू, पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, प्रदीप चंद्राकर, संदीप दीवान, देवीचंद राठी, मनीष बंसल, मोनिका साहू, राकेश चंद्राकार, संदीप घोष, रमेश साहू, हरवंश सिंह (नानू भाई), महेंद्र सिका, डिगेश्वरी चंद्राकर, गोलू चंद्रहास चंद्राकर, डिम्पल ध्रुव, अग्रज शर्मा, साजन यादव, सुनील पटेल, कौशिल्या बंसल, बंटी शर्मा, अरविंद प्रहरे, मुन्ना साहू, गौकरण साहू, वाणी तिवारी, हुलसी चंद्राकर, मनीष शर्मा, अमन वर्मा, आकाश पांडे, पीयूष साहू, माखन पटेल, मधु यादव, राजेंद्र चंद्राकर, हनीश बग्गा, नंदू जलक्षत्री, दिनेश रूपरेला, आनंद साहू, हनी गंभीर, देवेंद्र राय, गिरजा दास, त्रिभुवन धीवर, दुर्गा सार्वा, भाऊराम साहू, चुनेश्वरी साहू, डॉ. सोहन साहू, मनोज यादव, कमल कौशिक, कुलजीत सलूजा, सागर साहू, महेश देवांगन, छबिंद्र पटेल, रूपलाल पटेल, राकेश सचदेवा, राजा अग्रवाल, अभिषेक पांडे, शरद मराठा, जतिन रूपरेला, कुशल साहू, दीपक राव, धर्मेंद्र यादव, गोपी कन्नौजे, गुड्डा सिन्हा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।