संयुक्त टीम ने उद्योगों का किया निरीक्षण, दो ट्रकों से 7,575 रुपये वसूले

पीकाडली एग्रो इंडस्ट्रीज में पीयूसी और लंबित कर की जांच, श्रम विभाग ने नियमों के पालन के लिए जारी किया नोटिस
महासमुंद। जिला स्तरीय संयुक्त टीम ने ग्राम बेलटुकरी स्थित मेसर्स पीकाडली एग्रो इंडस्ट्रीज लिमिटेड का निरीक्षण किया। टीम में परिवहन, श्रम, पर्यावरण, विधिक मापविज्ञान, खनिज एवं उद्योग विभाग के अधिकारी शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्तर पर दस्तावेजों, वाहनों और संस्थान में नियमों के पालन की जांच की।
परिवहन विभाग की जांच में दो ट्रकों का पीयूसी (प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र) लैप्स पाया गया। इस पर दोनों वाहनों से कुल 4 हजार रुपये जुर्माना वसूल किया गया। वहीं एक ट्रक का त्रैमासिक कर लंबित पाया गया, जिसके एवज में 3,575 रुपये कर वसूल किए गए।
धर्मकांटा मानकों के अनुरूप मिला
विधिक मापविज्ञान विभाग की जांच में संस्थान का धर्मकांटा सत्यापित एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया गया। अन्य तौल उपकरणों की नियमित रूप से सत्यापित बाटों से जांच कराने तथा विधिक मापविज्ञान अधिनियम, 2009 के प्रावधानों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
उद्योग, पर्यावरण और खनिज विभाग की जांच में स्थिति सामान्य पाई गई। श्रम विभाग ने न्यूनतम वेतन अधिनियम 1948, वेतन भुगतान अधिनियम 1936 तथा छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण निधि अधिनियम 1982 के तहत जांच की। इस दौरान सूचना बोर्ड और अधिनियमों का सारांश प्रदर्शित नहीं पाया गया। इसे लेकर प्रबंधन को नोटिस जारी किया जा रहा है।
अछोली की दो फैक्ट्री में भी जांच
संयुक्त टीम ने इसके बाद ग्राम अछोली स्थित खुशी स्टोन इंडस्ट्रीज का निरीक्षण किया। श्रम विभाग ने श्रमिकों के बयान लिए, लेकिन संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए संचालक को नोटिस जारी किया जा रहा है।
इसी तरह ग्राम अछोली स्थित जे.पी. मिनरल्स की भी जांच की गई। यहां श्रम विभाग ने श्रमिकों के बयान लिए, लेकिन आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इस मामले में भी संचालक को दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए नोटिस जारी किया जा रहा है।
संयुक्त टीम की कार्रवाई में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने संस्थानों को श्रम, परिवहन, मापविज्ञान एवं अन्य लागू नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए।