दुर्गा पंडालों में पहुंचे पालिकाध्यक्ष, मां दुर्गा से नगर की सुख-समृद्धि की कामना

महासमुंद। नवरात्रि के पावन पर्व पर नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने शहर के विभिन्न दुर्गा पंडालों में पहुंचकर माता रानी की पूजा-अर्चना की और नगरवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं निरोगी जीवन की कामना की। उन्होंने माता के दरबार में मत्था टेककर आरती में भी सहभागिता की।
इस दौरान पालिकाध्यक्ष साहू ने दुर्गा उत्सव समितियों द्वारा की गई आकर्षक साज-सज्जा और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा समितियों के सदस्यों को उत्सव के आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि नवरात्रि शक्ति, भक्ति और आस्था का पर्व है। मां दुर्गा की आराधना से नकारात्मक ऊर्जा का नाश होता है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। यह पर्व हमें सत्य, न्याय और धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि नगर में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में दुर्गा उत्सव मनाया जा रहा है। विभिन्न पंडालों में श्रद्धालुओं की उमड़ रही आस्था और उत्साह नगर की एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक समरसता का प्रतीक है। इस अवसर पर दुर्गा उत्सव समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य, श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े