यात्री बसों की जांच में मिली खामियां, 9 बसों पर कार्रवाई

रायपुर रोड पर चला विशेष अभियान, दस्तावेज और सुरक्षा मानकों की जांच; 19,600 रुपए शमन शुल्क वसूला
महासमुंद। सड़क सुरक्षा और यात्री बसों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने 12 अक्टूबर को रायपुर रोड में विशेष जांच अभियान चलाया। जिला परिवहन अधिकारी प्रतीक शुक्ला के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान यात्री बसों के दस्तावेजों के साथ-साथ सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की भी जांच की गई।
जांच के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने बस चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के फिटनेस प्रमाण पत्र, प्रदूषण प्रमाण पत्र, बीमा, परमिट सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। इसके अलावा यात्री बसों में निर्धारित सुरक्षा मानकों के पालन की भी पड़ताल की गई।
अभियान के दौरान 9 यात्री बसों में विभिन्न प्रकार की कमियां पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम, 1988 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। इन बसों से विभाग ने कुल 19,600 रुपए का शमन शुल्क वसूल किया।
परिवहन विभाग ने बस संचालकों और वाहन चालकों को सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने तथा वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। सड़क पर नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्री वाहनों के खिलाफ जांच और कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

इन्हें भी पढ़े