बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने बोकरामुड़ा कला में 21 छात्राओं को मिली साइकिल

जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने किया निःशुल्क साइकिल वितरण, कहा- बेटियां पढ़ेंगी तो सशक्त होगा समाज
महासमुंद। जिला पंचायत क्षेत्र के वनांचल ग्राम बोकरामुड़ा कला स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में सरस्वती साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत के उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यालय की 21 छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। साइकिल मिलने पर छात्राओं के चेहरों पर खुशी नजर आई। इस अवसर पर श्री ठाकुर ने कहा कि वनांचल एवं दूर-दराज क्षेत्रों में रहने वाली छात्राओं के लिए विद्यालय तक आवागमन आसान बनाने में साइकिल योजना महत्वपूर्ण है। इससे बेटियों को नियमित रूप से स्कूल पहुंचने और अपनी पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी।
शिक्षा से ही सशक्त समाज का निर्माण
श्री ठाकुर ने कहा कि “हमारी बेटियां पढ़ेंगी, आगे बढ़ेंगी और अपने सपनों को साकार करेंगी, तभी समाज सशक्त होगा।” उन्होंने कहा कि शिक्षा बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने का मजबूत आधार है और विकसित छत्तीसगढ़ एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि शासन का प्रयास है कि आर्थिक परिस्थितियां किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा न बनें। विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने, उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
निर्माण श्रमिकों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
श्री ठाकुर ने अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के प्रतिभावान बच्चों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट निजी आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की पहल श्रमिक परिवारों के बच्चों के भविष्य को नई दिशा देने वाली है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर रहने वाले परिवारों के बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर पहुंचाना है।
उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने माता-पिता, गुरुजनों और क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती कौशल्या/पवन ठाकुर ने की। इस अवसर पर नर्सिंग ठाकुर, उपसरपंच तुलसी ठाकुर, पंच नीलाराम ध्रुव, वरिष्ठ भाजपा नेता पुरन शबर, ओम प्रकाश ध्रुव, टेकलाल ध्रुव, चैतराम ध्रुव, जगदीश ध्रुव एवं मेहतर बरिहा सहित विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्टाफ, पालकगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।