राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर बच्चों को खिलाई गई एलबेन्डाजोल की दवा
राजनांदगांव 10 अगस्त 2026। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजनांदगांव में बच्चों को एलबेन्डाजोल की दवा खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाव के लिए निर्धारित मात्रा में एलबेन्डाजोल की दवा लेने तथा स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने बच्चों को एलबेन्डाजोल दवा की उपयोगिता एवं इसके सेवन से होने वाले लाभ के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्कूलों में सप्ताह में दो बार आयरन-फोलिक एसिड सप्लीमेंट अनिवार्य रूप से लेने की सलाह दी। उन्होंने चिरायु कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए सभी बच्चों को आरबीएसके टीम के विजिट के दौरान स्वास्थ्य जांच अनिवार्य रूप से कराने तथा चिरायु टीम के महत्व के बारे में बताया। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बी.एल. तुलावी ने बताया कि जो बच्चे एलबेन्डाजोल की खुराक लेने से छूट गए हैं, उन्हें 17 अगस्त को आयोजित मॉप-अप दिवस के दौरान एलबेन्डाजोल की खुराक खिलाई जाएगी। इस अवसर पर जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा अंतर्गत आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में विजयी पांच छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला नोडल अधिकारी परिवार कल्याण कार्यक्रम डॉ. अल्पना लूनिया, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बी.एल. तुलावी, शाला समिति अध्यक्ष देवशरण सेन, पार्षद श्रीमती अमृता सिन्हा, डॉ. स्नेहा जैन, सुश्री पूजा मेश्राम, अखिलेश सिंह, कौशल शर्मा, चन्द्रशेखर चन्द्राकर, हेमन्त कुमार साहू सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, अध्यापक, मितानिन एवं छात्राएं उपस्थित थीं।
