कृषि महाविद्यालय द्वारा ग्राम सुरगी में निकाली गई हर घर तिरंगा रैली

– देशभक्ति के नारों से गूंजा गांव
राजनांदगांव 10 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पंडित शिव कुमार शास्त्री कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र सुरगी के एनसीसी इकाई एवं 38 छत्तीसगढ़ बटालियन एनसीसी राजनांदगांव के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम सुरगी में हर घर तिरंगा अभियान अंतर्गत भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में एनसीसी कैडेट्स, महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर कैडेट्स एवं विद्यार्थियों ने ग्राम सुरगी के विभिन्न मार्गों से मार्च करते हुए ग्रामीणों को हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जागरूक किया। इस दौरान देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत हो गया। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा तिरंगे के सम्मान, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। महाविद्यालय एवं एनसीसी इकाई द्वारा आयोजित इस पहल का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना रहा। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया। रैली में महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. विनम्रता जैन, डॉ नितिन कुमार तुर्रे, डॉ. मनोज चंद्राकर, डॉ. द्विवेदी प्रसाद चौधरी, डॉ. महेंद्र कुमार देशमुख, डॉ. छविराज बघेल, डॉ. नेहा एवं नूनकरन साहू, एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. डीकेश्वर निषाद सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थी शामिल हुए।