दिव्यांगजनों को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराने में तेजी लाने के निर्देश
छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया ने अधिकारियों की ली बैठक
कोण्डागांव, 29 जुलाई 2026/ छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम, रायपुर के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया ने बुधवार को बस्तर प्रवास के दौरान कोण्डागांव स्थित विश्राम गृह में विभागीय अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों की बैठक लेकर दिव्यांगजनों को स्वरोजगार हेतु ऋण उपलब्ध कराने की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में अध्यक्ष कावड़िया ने बाजारपारा, कोण्डागांव निवासी गणेशमल पारख को किराना स्टोर स्थापित करने के लिए 2.50 लाख रूपये का ऋण यूनियन बैंक के माध्यम से 24 घंटे के भीतर स्वीकृत एवं वितरित करने के निर्देश बैंक प्रबंधक को दिए। साथ ही जिले के 15 अन्य दिव्यांगजनों के ऋण प्रकरण भी बैंक को प्रेषित किए जाने की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि शेष पात्र दिव्यांगजनों के आवेदनों पर भी शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए उन्हें स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। श्री कावड़िया ने अधिकारियों से जिले में 40 प्रतिशत अथवा उससे अधिक दिव्यांगता वाले पात्र व्यक्तियों को निगम की ऋण योजनाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक आवेदन प्रस्तुत कराने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
बैठक में छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के प्रबंधक पंकज वर्मा, यूनियन बैंक के प्रबंधक मनोज जैन, समाज कल्याण विभाग कोण्डागांव की उप संचालक श्रीमती ललिता लकड़ा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
