जिला प्रशासन सरपंच एवं जनप्रतिनिधियों के हर संभव मदद के लिए प्रतिबद्ध: कलेक्टर

सरपंचों की बैठक लेकर ग्राम पंचायत एवं जिले के सर्वांगीण विकास में सहभागी बनने की अपील की
गांव एवं ग्राम पंचायतों के विकास हेतु सदैव सहयोग करने का दिया आश्वासन
बालोद, 29 जुलाई 2026/कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने कहा कि हमारे सरपंचगण अपने ग्राम पंचायत के प्रथम नागरिक एवं चुने हुए जनप्रतिनिधि होने के कारण सभी के लिए सम्मानीय है। श्रीमती मिश्रा ने कहा कि जिला प्रशासन ग्राम एवं ग्राम पंचायत के विकास के लिए सरपंच एवं जनप्रतिनिधियों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा आज जिला पंचायत सभाकक्ष में जिले के सरपंचों की बैठक लेकर अपने गांव, ग्राम पंचायत एवं जिले के सर्वांगीण विकास में सहभागी बनने की अपील की। इस अवसर पर उन्होंने गांव एवं ग्राम पंचायत की विकास हेतु सदैव सहयोग करने का आश्वासन भी दिया। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी एवं अन्य अधिकारियों के अलावा ग्राम पंचायतों के सरपंचगण उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने कहा कि गांव के विकास से ही हमारे जिले तथा प्रदेश एवं देश का विकास संभव है। उन्होंने कहा कि हमारे सरपंचगण गांव के विकास को अमलीजामा पहनाने वाले महत्वपूर्ण धुरी है। इसके लिए उनके कार्य एवं दायित्व भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। कलेक्टर ने कहा कि गांव एवं ग्राम पंचायतों के विकास हेतु सरपंचों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। श्रीमती मिश्रा ने जिले के सभी सरपंचों को पूरी लगन एवं निष्ठा के साथ कार्य करते हुए अपने ग्राम पंचायत के विकास में नए प्रतिमान स्थापित करने को कहा। श्रीमती मिश्रा ने विकास कार्यों में गुणवत्ता को अत्यंत आवश्यक बताते हुए सभी सरपंचों को प्रत्येक कार्यों में शत प्रतिशत गुणवत्ता सुनिश्चित करने में सहयोग करने को कहा।
कलेक्टर ने कहा कि मैं पूरे समय सरपंचों एवं जिलेवासियों को मदद हेतु उपलब्ध हूँ। उन्होंने ग्राम पंचायतों के विकास हेतु नियमानुसार विकास कार्यों की स्वीकृति देने का भी आश्वासन दिया। कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों में प्राथमिकता के आधार पर कार्य स्वीकृत करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों के सर्वांगीण विकास हेतु आधारभूत अधोसंरचना से जुड़े निर्माण कार्यों को पूरा किया जाना अत्यंत आवश्यक है। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने जिले के डीएमफ प्रभावित कुल 186 गांवों में विकास कार्यों को पूरा करने हेतु ग्राम वासियों की सहमति से विलेज एक्शन प्लान बनाए जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह विलेज एक्शन प्लान आप लोगों की सहमति से ही तैयार की गई है। इसके आधार पर संबंधित ग्रामों में विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने वीबी जीरामजी योजना के माध्यम से ग्राम पंचायतों के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर विभिन्न निर्माण कार्य कराए जाने की भी जानकारी दी।
इस मौके पर कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने सभी सरपंचों को अपने सामाजिक उत्तरदायित्व कार्य के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे वृहद वृक्षारोपण अभियान तथा जल संरक्षण के उपायों के अंतर्गत किसानों को रबी सीजन में धान के बदले अन्य फसल का उत्पादन प्रेरित करने को कहा। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने सभी सरपंचों को जिला प्रशासन गुरूवार 30 जुलाई को जिले में आयोजित वृहद वृक्षारोपण अभियान के दौरान अधिक से अधिक पौधरोपण कर पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन के पुनीत कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने सभी सरपंचों को ग्राम पंचायतों के सर्वांगीण विकास हेतु आम नागरिकों को ’कर’ अदायगी के लिए भी प्रेरित करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने सभी सरपंचों को पशुधन की सुरक्षा के उपाय एवं सड़कों में विचरण करने वाले घुमन्तु मवेशियों की समस्या के निराकरण हेतु भी ठोस कार्य करने की अपील की। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी ने कहा कि जिला प्रशासन हर संभव मदद उलपब्ध कराने के लिए कृतसंकल्पित है। इस मौके पर उन्होंने वीबी जीरामजी योजना के नये प्रावधानों के संबंध में भी जानकारी दी। बैठक में उपस्थित सरपंचों ने भी अपना आवश्यक सुझाव दिया।

इन्हें भी पढ़े