रामानुजनगर स्काउट-गाइड ने किया पौधारोपण
पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षों के महत्व की दी गई जानकारी
सूरजपुर/29 जुलाई 2026/ विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर भारत स्काउट एवं गाइड सूरजपुर के स्थानीय संघ रामानुजनगर के स्काउट-गाइड विद्यार्थियों द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पतरापाली विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा वृक्षों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि अधिक से अधिक पौधे लगाकर और उनकी नियमित देखभाल करके ही स्वच्छ, हरित एवं संतुलित पर्यावरण का निर्माण किया जा सकता है। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पौधों को वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का संकल्प भी लिया।
स्काउट मास्टर योगेश साहू ने इस अवसर पर सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल शासन-प्रशासन का ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है और छोटे-छोटे प्रयासों से ही बड़ा बदलाव संभव है।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करना रहा।
