स्कूटी-मोटरसाइकिल से शराब तस्करी, दो आरोपी गिरफ्तार

पिथौरा और महासमुंद में घेराबंदी कर 14.580 लीटर देशी शराब जब्त, वाहन भी कब्जे में
महासमुंद। जिले के पिथौरा और महासमुंद थाना क्षेत्र में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए अवैध शराब परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में कुल 14.580 लीटर देशी प्लेन शराब, दो वाहन और एक मोबाइल जब्त किया गया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 46,480 रुपए बताई गई है।
पिथौरा में स्कूटी से ले जा रहा था शराब
पिथौरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति टीवीएस जुपिटर स्कूटी से ग्राम लाखागढ़ की ओर अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने एचपी पेट्रोल पंप के पास ग्राम लाखागढ़ में घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध नरेश यादव (55), निवासी लाखागढ़ को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 45 नग पाव, कुल 8.100 लीटर देशी प्लेन शराब, कीमत 3,600 रुपए, बरामद हुई। शराब परिवहन में प्रयुक्त टीवीएस जुपिटर स्कूटी भी जब्त की गई। वाहन की कीमत करीब 30 हजार रुपए है। आरोपी के खिलाफ थाना पिथौरा में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
टाउन हॉल के पास मोटरसाइकिल सवार पकड़ा
दूसरी कार्रवाई महासमुंद थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर टाउन हॉल की ओर जा रहा है। पुलिस टीम ने टाउन हॉल के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वीरेंद्र कुमार सूर्यवंशी (35), निवासी महामाया पारा महासमुंद को स्पलेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 06 जेएफ 9265 पर पकड़ा। तलाशी के दौरान बोरी से 36 नग देशी प्लेन शराब, कुल 6.480 लीटर, कीमत 2,880 रुपए बरामद हुई। पुलिस ने शराब के साथ मोटरसाइकिल और एक मोबाइल भी जब्त किया। मामले में पुलिस ने धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

इन्हें भी पढ़े