चार स्कूलों में गूंजी बेटियों की मुस्कान, विधायक ने छात्राओं को बांटी साइकिल

सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं की राह हुई आसान, विधायक ने कहा- शिक्षा में बाधा नहीं बनने देंगे दूरी
महासमुंद। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने क्षेत्र के चार शासकीय स्कूलों में छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल वितरित की। उन्होंने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नरतोरा, शासकीय हाई स्कूल मुनगासेर, शासकीय हाई स्कूल बरेकेल कला एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झलप में आयोजित कार्यक्रमों में पहुंचकर छात्राओं को साइकिल प्रदान की। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पहार अर्पित कर की गई। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर विधायक सिन्हा ने छात्राओं को साइकिल वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। स्कूल स्टाफ एवं ग्रामीणों ने विधायक का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
दूरी अब पढ़ाई में नहीं बनेगी बाधा
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना छात्राओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। ग्रामीण क्षेत्रों में कई छात्राओं को घर से स्कूल की दूरी अधिक होने के कारण पढ़ाई में परेशानी का सामना करना पड़ता था। साइकिल मिलने से अब उनके लिए स्कूल तक पहुंचना आसान होगा और शिक्षा जारी रखने में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि बेटियों की पढ़ाई में किसी तरह की बाधा न आए। बेटियों को समान अवसर और अच्छी शिक्षा मिलेगी तो वे हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर परिवार, समाज और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी।
मन लगाकर पढ़ें, क्षेत्र का नाम रोशन करें
विधायक ने छात्र-छात्राओं से कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने माता-पिता के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और देश का विकास उनकी शिक्षा से जुड़ा हुआ है। सरकार बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार प्रयास कर रही है। शिक्षा के रास्ते में आने वाली बाधाओं को दूर करना सरकार की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश आईटी सेल सदस्य खेमराज बघेल, वरिष्ठ भाजपा नेता मुन्ना साहू, संदीप घोष, शम्मी सलूजा, ओबीसी मोर्चा जिला महामंत्री निर्भय नायक, देवेंद्र राय, छबिंद्र पटेल, हनी गंभीर, सागर साहू, महेश देवांगन, जनपद सदस्य सुषमा राकेश टंडन, मुनगासेर सरपंच रितु जोहत निषाद, बरेकेल कला सरपंच टिकेश्वरी टंडन, नरतोरा सरपंच जीतराम पटेल सहित लक्ष्मी साहू, अवधराम कुर्रे, हिरऊ कुर्रे, उमाशंकर ध्रुवंशी, लक्ष्मण ठाकुर, प्रकाश चंद्राकर, कमलेश, कुबेर शर्मा, गेंदराम दीवान, ईश्वर पटेल, परसराम, सालिकराम पटेल, इष्टदेव पटेल, कन्हैया पटेल, दीनदयाल यादव, स्कूल स्टाफ एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े