फर्जी नेशनल परमिट मामले में छह साल से फरार आरोपी गिरफ्तार

परिवहन दस्तावेजों में कूटरचना कर धोखाधड़ी का मामला, वाहन मालिक को भेजा गया जेल
महासमुंद। वाहन के फर्जी नेशनल परमिट तैयार कर परिवहन विभाग की सील और अधिकारियों के हस्ताक्षर की कूटरचना करने के मामले में छह वर्ष से फरार चल रहे आरोपी को सिंघोड़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2020 में खम्हारपाली परिवहन चेक पोस्ट पर वाहन क्रमांक सीजी 04 जेडी 1539 की जांच के दौरान प्रस्तुत नेशनल परमिट संदिग्ध मिला। परिवहन विभाग की वेबसाइट पर जांच करने पर दस्तावेज छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग द्वारा जारी नहीं होना पाया गया। इसके बाद सिंघोड़ा थाना में धारा 420, 467, 468, 471 एवं 34 भादवि के तहत अपराध दर्ज किया गया।
मामला दर्ज होने के बाद वाहन चालक सोनू सिंह गिल उर्फ सोहन सिंह निवासी जिला अमृतसर (पंजाब) तथा वाहन मालिक सतनाम सिंह चीमा (35) निवासी रायपुर फरार हो गए थे।
लगातार तलाश के दौरान पुलिस ने टेक्निकल डाटा विश्लेषण और कॉल डिटेल के आधार पर वाहन मालिक सतनाम सिंह चीमा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि वर्ष 2020 में कोरोना काल के दौरान उसका ट्रेलर रायपुर से ओडिशा जा रहा था, जिसे चालक सोनू सिंह गिल चला रहा था। जांच में प्रस्तुत नेशनल परमिट फर्जी और कूटरचित पाया गया। पुलिस ने आरोपी वाहन मालिक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। चालक की तलाश जारी है।

इन्हें भी पढ़े